The Red Ink:
अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब देश के सबसे हाई-प्रोफाइल इवेंट्स में से एक के दौरान अचानक गोलियों की आवाज गूंज उठी। राष्ट्रपति की मौजूदगी वाले इस कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद मानी जाती है—लेकिन एक हमलावर का अंदर तक पहुंच जाना अब बड़े सवाल खड़े कर रहा है।
क्या है पूरा मामला?
घटना 25 अप्रैल 2026 (अमेरिकी समय) की रात करीब 8:30 बजे की है, जब वॉशिंगटन डीसी के Washington Hilton Hotel में प्रतिष्ठित White House Correspondents’ Dinner चल रहा था। हॉल में बड़ी संख्या में राजनेता, पत्रकार और विशेष मेहमान मौजूद थे। इसी दौरान एक हथियारबंद शख्स सिक्योरिटी एरिया के पास पहुंचा और फायरिंग की कोशिश की। अचानक हुई इस घटना से पूरा हॉल दहशत में आ गया लोग अपनी जान बचाने के लिए टेबल के नीचे छिप गए, जबकि सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया।
ट्रंप को कैसे निकाला गया?
मौके पर मौजूद अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump और अन्य VIPs को सीक्रेट सर्विस ने तुरंत कवर में लेकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। पूरे ऑपरेशन को बेहद तेजी से अंजाम दिया गया, जिससे किसी बड़े नुकसान को टाला जा सका।
हमलावर कौन है?
हमले के आरोपी की पहचान कोल टोमस एलेन (Cole Tomas Allen) के रूप में हुई है। आरोपी कथित तौर पर कैलिफोर्निया का रहने वाला है उसके पास हथियार और धारदार सामान मिला, वह होटल के अंदर तक पहुंचने में कामयाब रहा। सुरक्षा एजेंसियों ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया है। अब जांच एजेंसियां उसके इरादों और किसी नेटवर्क से जुड़े होने की पड़ताल कर रही हैं।
कितना बड़ा खतरा टला?
फायरिंग की इस घटना में एक सुरक्षा अधिकारी घायल हुआ, हालांकि बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से उसकी जान बच गई। सबसे राहत की बात यह रही कि कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई, लेकिन घटना ने पूरे सिस्टम को हिला दिया है।
सुरक्षा पर उठे सवाल
इतने संवेदनशील और हाई-सिक्योरिटी कार्यक्रम में हमलावर का अंदर तक पहुंच जाना गंभीर चिंता का विषय है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है आखिर सिक्योरिटी में चूक कहां हुई? और हमलावर इतनी आसानी से अंदर कैसे पहुंच गया? वॉशिंगटन जैसे कड़े सुरक्षा वाले शहर में, राष्ट्रपति की मौजूदगी के दौरान फायरिंग ये सिर्फ एक घटना नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम के लिए चेतावनी है। क्योंकि सवाल अब सिर्फ अमेरिका का नहीं है, सवाल है क्या दुनिया का सबसे सुरक्षित माना जाने वाला सिस्टम भी अब पूरी तरह सुरक्षित नहीं रहा?




