The Red Ink
पश्चिम बंगाल की सत्ता संभालने के बाद नए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अपनी प्राथमिकताओं को साफ कर दिया है। शपथ लेने के तुरंत बाद उन्होंने राज्य के विकास, शिक्षा और सांस्कृतिक पुनर्निर्माण को अपनी सरकार का मुख्य लक्ष्य बताया।
‘रवींद्र जयंती पर शपथ लेना गर्व की बात’
कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह में नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में शपथ लेने के बाद अधिकारी ने कहा कि यह दिन बंगाल और देश दोनों के लिए खास है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री की इच्छा थी कि नई सरकार रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती के अवसर पर कार्यभार संभाले, इसलिए इसी दिन शपथ ग्रहण किया गया।
‘अब मैं पूरे बंगाल का मुख्यमंत्री हूं’
सीएम बनने के बाद अधिकारी ने कहा कि अब वे सिर्फ किसी एक दल के नहीं, बल्कि पूरे राज्य के मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव नतीजों पर बहस करने वालों को समय के साथ जवाब मिल जाएगा।
‘शिक्षा और संस्कृति को फिर से मजबूत करेंगे’
शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि बंगाल को पिछले समय में काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार शिक्षा व्यवस्था और सांस्कृतिक विरासत को दोबारा मजबूत करने पर काम करेगी।
‘बड़ी जिम्मेदारी, आगे बढ़ते रहेंगे’
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार पर बड़ी जिम्मेदारी है और वे बिना विवादों में पड़े विकास के एजेंडे पर आगे बढ़ेंगे।
इन नेताओं ने भी ली मंत्री पद की शपथ
मुख्यमंत्री के साथ कई नेताओं ने भी मंत्री पद की शपथ ली, जिनमें प्रमुख हैं- दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, खुदीराम टुडू, निशिथ प्रमाणिक।




