The Red Ink
राजधानी लखनऊ में शनिवार को बड़ा राजनीतिक प्रदर्शन देखने को मिला, जब सिराथू विधायक पल्लवी पटेल अपने समर्थकों के साथ चारबाग रेलवे स्टेशन पहुंचीं और विरोध के दौरान ट्रेन के इंजन पर चढ़ गईं। UGC लागू करने की मांग को लेकर शुरू हुआ प्रदर्शन देखते ही देखते हंगामे में बदल गया।
इंजन पर चढ़े कार्यकर्ता, रुकी ट्रेन
करीब 2 हजार कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने चारबाग रेलवे स्टेशन पर ट्रेन को रोक दिया। जैसे ही इंजन रुका, कई कार्यकर्ता उसके ऊपर चढ़ गए और नारेबाजी शुरू कर दी। खुद पल्लवी पटेल भी इंजन पर चढ़कर प्रदर्शन में शामिल हो गईं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
विधानसभा कूच रोके जाने पर भड़के समर्थक
दरअसल, अपना दल (कमेरावादी) के कार्यकर्ता पहले चारबाग से विधानसभा की ओर मार्च करने वाले थे। लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। इससे नाराज प्रदर्शनकारी अचानक स्टेशन की ओर दौड़ पड़े और रेलवे ट्रैक पर पहुंचकर ट्रेन रोक दी।
‘जरूरत पड़ी तो एयरपोर्ट भी रोकेंगे’
प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ता अनिल राज कोरी ने कहा कि यह सिर्फ शुरुआत है। उनका कहना था कि अगर मांगें नहीं मानी गईं, तो भविष्य में और बड़े कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि दलित, पिछड़े और आदिवासी समाज के मुद्दों को नजरअंदाज किया जा रहा है, जबकि आंदोलन करने पर उनके खिलाफ कार्रवाई होती है।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
हंगामे के बाद पुलिस ने तेजी से मोर्चा संभाला और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेना शुरू कर दिया। कई कार्यकर्ताओं को बसों में बैठाकर इको गार्डन भेजा गया। हालांकि, कुछ कार्यकर्ता बसों की छत पर चढ़कर भी विरोध जताते नजर आए।
प्लेटफॉर्म तक पहुंचा प्रदर्शन
स्थिति उस वक्त और बिगड़ गई जब प्रदर्शनकारी प्लेटफॉर्म नंबर-1 तक पहुंच गए और वहां गुजर रहे इंजन को रोक दिया। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच दौड़-भाग की स्थिति बन गई।
पुलिस की समझाइश बेअसर
मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने पल्लवी पटेल और उनके समर्थकों को समझाने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शन जारी रहा।
क्या है मामला?
प्रदर्शनकारी UGC से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन कर रहे थे और सरकार से इसे लागू करने की मांग कर रहे थे।




