The Red Ink
क्रिकेटर युजवेंद्र चहल की कथित एक्स गर्लफ्रेंड और सोशल मीडिया स्टार RJ महवश अपनी अपकमिंग वेब सीरीज ‘सतरंगी- बदले का खेल’ के प्रमोशन के लिए लखनऊ पहुंचीं। उनके साथ अभिनेता अंशुमान पुष्कर भी मौजूद रहे। दोनों कलाकारों ने यूपी की संस्कृति, लखनऊ की तहजीब और वेब सीरीज में दिखाए गए ‘लौंडा डांस’ कलाकारों के संघर्ष पर खुलकर बात की।
‘सतरंगी- बदले का खेल’ में दिखेगा संघर्ष और बदले का ड्रामा
22 मई 2026 को जी5 पर रिलीज होने वाली इस वेब सीरीज में पूर्वांचल और बिहार में चर्चित ‘लौंडा डांस’ की दुनिया को दिखाया गया है। अंशुमान पुष्कर ने कहा कि यह सिर्फ एंटरटेनमेंट नहीं, बल्कि उन कलाकारों की कहानी है, जिन्हें समाज ने हमेशा गलत नजर से देखा। उन्होंने कहा कि वेब सीरीज में संघर्ष, असमानता, गरीबी और पहचान की लड़ाई को दिखाया गया है। कहानी का मुख्य किरदार समाज में अपनी जगह बनाने की कोशिश करता नजर आएगा।
‘लौंडा डांस को सिर्फ फूहड़ता समझ लिया गया’
अंशुमान पुष्कर ने कहा कि लौंडा डांस की अपनी एक समृद्ध परंपरा और इतिहास रहा है, लेकिन समय के साथ इसे गलत तरीके से पेश किया गया। उन्होंने बताया कि वेब सीरीज की तैयारी के दौरान टीम ने ऐसे कलाकारों से मुलाकात की, जो सालों तक इस कला से जुड़े रहे। अंशुमान बोले कि समाज ने इन कलाकारों के दर्द और संघर्ष को कभी गंभीरता से नहीं समझा। यही वजह है कि इस कहानी को पर्दे पर लाना जरूरी था।
RJ महवश बोलीं- यूपी की मिट्टी से जुड़ी कहानी तुरंत पसंद आई
RJ महवश ने कहा कि जैसे ही उन्होंने स्क्रिप्ट सुनी, उन्हें लगा कि यह सिर्फ एक वेब शो नहीं, बल्कि समाज को आईना दिखाने वाली कहानी है। यूपी में पली-बढ़ी होने की वजह से वह इस माहौल और किरदारों से खुद को जुड़ा हुआ महसूस कर सकीं। उन्होंने कहा कि कैमरे के सामने अकेले बोलना और एक्टिंग करना दोनों बिल्कुल अलग चीजें हैं। एक्टिंग की दुनिया उनके लिए नया अनुभव है, लेकिन वह इसे पूरी मेहनत से सीख रही हैं।
‘लखनऊ की तहजीब और बिरयानी दोनों दिल जीत लेते हैं’
अलीगढ़ की रहने वाली RJ महवश ने लखनऊ को अपना पसंदीदा शहर बताया। उन्होंने कहा कि यहां के लोग बेहद प्यार देने वाले हैं। सोशल मीडिया पर भी लखनऊ से उन्हें जबरदस्त रिस्पॉन्स मिलता है। महवश ने मुस्कुराते हुए कहा कि उन्हें खास तौर पर इदरीस की मटन बिरयानी बेहद पसंद है। उन्होंने कहा कि लखनऊ आते ही यहां का खाना, चिकनकारी और ऐतिहासिक जगहें देखने का अलग ही मजा होता है।
वेब सीरीज में दिखेगा यूपी का लोकल फ्लेवर
दोनों कलाकारों ने बताया कि वेब सीरीज में यूपी-बिहार का लोकल फ्लेवर, भाषा और सामाजिक हकीकत पूरी मजबूती के साथ दिखाई जाएगी। मेकर्स का दावा है कि दर्शकों को इसमें ड्रामा, इमोशन और रिवेंज के साथ एक अलग तरह की कहानी देखने को मिलेगी।




