लखनऊ में दर्दनाक घटना: सिक्योरिटी एजेंसी के सुपरवाइजर ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को मारी गोली, मौत

The Red Ink
राजधानी के विकासनगर इलाके में बुधवार रात एक निजी सुरक्षा एजेंसी के सुपरवाइजर ने कथित तौर पर अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 52 वर्षीय संदीप सिंह के रूप में हुई है, जो एक निजी सिक्योरिटी एजेंसी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थे। वह विकासनगर थाना क्षेत्र के सेक्टर-सी स्थित सबोली इलाके में अपने परिवार के साथ रहते थे। परिवार में उनकी पत्नी और दो बेटियां हैं।

गोली चलने की आवाज से मचा हड़कंप
परिजनों के मुताबिक, बुधवार रात करीब 10 बजे संदीप अपने कमरे में थे। इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। परिवार के सदस्य दौड़कर कमरे में पहुंचे तो उन्हें गंभीर रूप से घायल अवस्था में पाया। आनन-फानन में उन्हें KGMU ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मौके से बरामद हुई लाइसेंसी रिवॉल्वर
घटना की सूचना देर रात डायल-112 के माध्यम से पुलिस को मिली। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो कमरे से लाइसेंसी रिवॉल्वर और अन्य साक्ष्य बरामद किए गए। घटनास्थल का निरीक्षण करने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने जरूरी नमूने और साक्ष्य एकत्र किए।

पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच आत्महत्या की ओर इशारा कर रही है, लेकिन घटना के पीछे की परिस्थितियों और संभावित कारणों को लेकर विस्तृत जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना की पूरी तस्वीर सामने आ सके।

Hot this week

Topics

Related Articles

Popular Categories