लखनऊ: सड़क पार कर रहे 12 वर्षीय मासूम को डंपर ने कुचला, 50 मीटर तक घिसटता रहा; लोगों ने चालक को दौड़ाकर पकड़ा

The Red Ink
राजधानी के बंथरा इलाके में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। स्कूल जाने की उम्र में 12 वर्षीय मासूम की जिंदगी एक तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आकर खत्म हो गई। हादसा इतना भयावह था कि बच्चा वाहन के नीचे फंसकर करीब 50 मीटर तक सड़क पर घिसटता चला गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बंथरा-उम्मेदखेड़ा मार्ग पर सुबह करीब सात बजे बंथरा बाजार निवासी मानस सड़क पार कर रहा था। तभी तेज गति से आ रहे डंपर ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ने वाहन रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी, जिससे मासूम काफी दूर तक घिसटता रहा।

लोगों का गुस्सा फूटा, चालक को मौके पर दबोचा
घटना देखकर आसपास मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों ने पीछा कर डंपर को घेर लिया और चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल बच्चे को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

ट्रॉमा सेंटर पहुंचने से पहले तोड़ा दम
पहले मानस को सरोजनीनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसकी हालत नाजुक देखते हुए ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। हालांकि रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मानस अपने परिवार का दूसरा बच्चा था। उसके पिता मंदौस थारू बंथरा बाजार में मजदूरी और पल्लेदारी का काम करते हैं। परिवार में मां रन्नो, तीन बहनें मनु, मानसी और सरिता हैं। बेटे की असमय मौत से घर में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

डंपर जब्त, चालक हिरासत में
पुलिस ने हादसे में शामिल डंपर को कब्जे में लेकर चालक महेंद्र रावत को हिरासत में ले लिया है। आरोपी सरोजनीनगर क्षेत्र के मीरानपुर पिनवट का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Hot this week

Topics

Related Articles

Popular Categories