इकाना में पहली जीत की तलाश में LSG, आज KKR से भिड़ंत; पिच बदलाव पर फिर गरमाई बहस

The Red Ink: तीन होम मैच हार चुकी लखनऊ टीम वापसी के इरादे से उतरेगी; चौथे मुकाबले में तीसरी बार बदली गई पिच…

होम ग्राउंड पर जीत का इंतजार, आज बड़ा मुकाबला
Lucknow Super Giants आज Indian Premier League 2026 के 38वें मुकाबले में अपने घरेलू मैदान इकाना स्टेडियम में Kolkata Knight Riders से भिड़ेगी। मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा। इस सीजन में लखनऊ को अपने ही मैदान पर अब तक खेले गए तीनों मैचों में हार का सामना करना पड़ा है, ऐसे में टीम के लिए यह मुकाबला वापसी का अहम मौका माना जा रहा है।

पिच को लेकर फिर छिड़ी बहस
इकाना स्टेडियम की पिच एक बार फिर चर्चा में है। इस सीजन के तीनों मुकाबले लो-स्कोरिंग रहे हैं, जिसके चलते पिच की प्रकृति पर सवाल उठने लगे हैं। पहले मैच में लाल मिट्टी की पिच का इस्तेमाल हुआ, जबकि दूसरे और तीसरे मैच मिक्स्ड (लाल+काली) पिच पर खेले गए। अब चौथे मुकाबले में काली मिट्टी की नई पिच तैयार की गई है। बताया जा रहा है कि इस विकेट पर गेंद थोड़ी रुककर आएगी, जिससे बल्लेबाजों को चुनौती मिल सकती है।
राजस्थान के खिलाफ हार के बाद LSG के हेड कोच ने इकाना की पिच को ऑस्ट्रेलिया के ‘वाका’ जैसी तेज और उछाल भरी बताते हुए कहा था कि टीम अभी तक यहां पूरी तरह ढल नहीं पाई है। इसी बयान के बाद पिच को लेकर बहस और तेज हो गई।

सीजन में दूसरी बार आमने-सामने
लखनऊ और कोलकाता की टीमें इस सीजन दूसरी बार टकरा रही हैं। इससे पहले 3 अप्रैल को कोलकाता में खेले गए मुकाबले में LSG ने KKR को 3 विकेट से हराया था। पॉइंट्स टेबल की बात करें तो दोनों ही टीमें फिलहाल निचले पायदान पर हैं। लखनऊ ने 7 में से 2 मैच जीतकर 9वां स्थान हासिल किया है, जबकि कोलकाता को 7 मैचों में सिर्फ एक जीत मिली है।

हेड-टू-हेड में लखनऊ का पलड़ा भारी
दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 7 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से 5 में लखनऊ ने जीत दर्ज की है। कोलकाता सिर्फ 2 मैच ही जीत सकी है, ऐसे में आंकड़े लखनऊ के पक्ष में दिखाई देते हैं।

मार्श और प्रिंस लखनऊ की उम्मीद
LSG के लिए इस सीजन में मिचेल मार्श शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने 7 मैचों में 210 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में प्रिंस यादव ने 13 विकेट लेकर टीम को मजबूती दी है।

KKR के लिए अंगकृष और त्यागी अहम
कोलकाता की ओर से युवा बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी ने अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने 7 मैचों में 200 रन बनाए हैं, जिसमें 2 अर्धशतक शामिल हैं। वहीं गेंदबाजी में कार्तिक त्यागी 8 विकेट लेकर टीम के प्रमुख विकेट टेकर बने हुए हैं।

इकाना का रिकॉर्ड क्या कहता है?
इकाना स्टेडियम में अब तक 25 IPL मुकाबले खेले जा चुके हैं। 10 मैच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते, 14 मैच लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने जीते, 1 मुकाबला बेनतीजा रहा। यहां का सबसे बड़ा स्कोर Kolkata Knight Riders के नाम है, जिन्होंने 2024 में 235/6 रन बनाए थे। वहीं सबसे कम स्कोर Lucknow Super Giants के नाम है, जब टीम 2023 में 108 रन पर सिमट गई थी।

संभावित प्लेइंग इलेवन-
लखनऊ सुपर जायंट्स:
मिचेल मार्श, आयुष बडोनी, ऋषभ पंत (कप्तान/विकेटकीपर), ऐडन मार्करम, निकोलस पूरन, मुकुल चौधरी, मोहम्मद शमी, मोहसिन खान, प्रिंस यादव, दिग्वेश राठी, मयंक यादव, हिम्मत सिंह
कोलकाता नाइट राइडर्स:
टिम साइफर्ट, सुनील नरेन, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), अंगकृष रघुवंशी, कैमरन ग्रीन, रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, रोवमन पॉवेल, अनूकुल रॉय, वैभव अरोरा, कार्तिक त्यागी, वरुण चक्रवर्ती

Hot this week

Topics

Related Articles

Popular Categories