The Red Ink
गोरखपुर में शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 393 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास किया। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी इस मौके पर मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट्स में शामिल यह स्टेडियम पूर्वांचल में खेल और आर्थिक गतिविधियों का नया केंद्र बनने जा रहा है। समारोह में सांसद रवि किशन ने कार पूल कर पहुंचकर पीएम मोदी की ईंधन बचाओ मुहिम का संदेश भी दिया।
393 करोड़ की लागत से तैयार होगा स्टेडियम
गोरखपुर के ताल नदोर इलाके में बन रहा यह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम लगभग 46 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जा रहा है। परियोजना की अनुमानित लागत करीब 393 करोड़ रुपए है। प्रशासन के मुताबिक 24 दिसंबर 2025 से निर्माण कार्य शुरू हो चुका है और अब तक लगभग 7 प्रतिशत काम पूरा भी हो गया है। सरकार की ओर से पहली किस्त के रूप में 63.39 करोड़ रुपए जारी किए जा चुके हैं। लोक निर्माण विभाग की निर्माण इकाई इस प्रोजेक्ट पर काम कर रही है। लक्ष्य है कि 23 दिसंबर 2027 तक स्टेडियम पूरी तरह तैयार हो जाए।
IPL और इंटरनेशनल मैचों का नया ठिकाना बनेगा गोरखपुर
केंद्रीय राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने कहा कि अब पूर्वांचल के क्रिकेट प्रेमियों को बड़े मैच देखने के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे खिलाड़ी इसी मैदान पर खेलते नजर आएंगे। उन्होंने दावा किया कि गोरखपुर से कई खिलाड़ी IPL तक पहुंचे हैं और यह स्टेडियम आने वाले समय में क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ा प्लेटफॉर्म साबित होगा। मंत्री ने कहा कि इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।
खेल सुविधाओं को लेकर सरकार का बड़ा प्लान
खेल राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मेरठ में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय स्थापित हो चुका है और वाराणसी, अयोध्या, गोरखपुर व कानपुर के स्टेडियमों को अंतरराष्ट्रीय सुविधाओं से लैस किया जाएगा। हालांकि कार्यक्रम के दौरान एक हल्का पल भी देखने को मिला, जब उन्होंने गोरखपुर के महापौर मंगलेश श्रीवास्तव को गलती से लखनऊ का महापौर कह दिया।
रवि किशन ने कार पूल कर दिया संदेश
शिलान्यास कार्यक्रम में सांसद रवि किशन केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान और कुशीनगर सांसद विजय दुबे के साथ एक ही कार में पहुंचे। उन्होंने इसका वीडियो भी साझा किया और लोगों से ईंधन बचाने के लिए कार पूलिंग अपनाने की अपील की। मंच पर पहुंचते ही रवि किशन ने “हर-हर महादेव” के जयकारे लगाए, जिससे कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण हो गया।
30 हजार दर्शकों की क्षमता वाला होगा स्टेडियम
स्टेडियम को ‘ग्राउंड प्लस टू फ्लोर’ मॉडल पर तैयार किया जाएगा। इसमें कुल 30 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी। मेन ग्राउंड में 7 प्लेइंग पिच और 4 प्रैक्टिस पिच बनाई जाएंगी। पूर्वी और पश्चिमी स्टैंड में लगभग 14,490-14,490 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था होगी। वहीं नॉर्थ पैवेलियन में वीआईपी और मीडिया के लिए विशेष सीटें रहेंगी, जबकि साउथ पैवेलियन वीवीआईपी मेहमानों के लिए बनाया जाएगा। डे-नाइट मैचों के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार हाई मास्ट लाइट्स भी लगाई जाएंगी। क्रिकेट के अलावा यहां बड़े सांस्कृतिक और सार्वजनिक आयोजन भी कराए जा सकेंगे।
एयरपोर्ट और हाईवे से मिलेगी शानदार कनेक्टिविटी
ताल नदोर स्थित यह स्टेडियम गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन हाईवे से जुड़ा हुआ है। गोरखपुर एयरपोर्ट से इसकी दूरी लगभग 24 किलोमीटर और रेलवे स्टेशन से करीब 20 किलोमीटर है। ऐसे में खिलाड़ियों, अधिकारियों और दर्शकों के लिए यहां पहुंचना बेहद आसान रहेगा।
पेट्रोलियम कंपनियां देंगी 100 करोड़ का CSR फंड
स्टेडियम निर्माण में देश की प्रमुख पेट्रोलियम कंपनियां भी सहयोग कर रही हैं। CSR फंड के तहत इंडियन ऑयल 60 करोड़ रुपए, भारत पेट्रोलियम 30 करोड़ रुपए और हिंदुस्तान पेट्रोलियम 10 करोड़ रुपए की सहायता देगा। सरकार और कंपनियों के बीच इस संबंध में एमओयू हो चुका है और फंड आवंटन की प्रक्रिया जारी है।




