The Red Ink
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के लखनऊ दौरे ने प्रदेश की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद राजधानी के अपने पहले दौरे पर उनका भव्य स्वागत किया गया। एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक निकले करीब 18 किलोमीटर लंबे रोड शो में हजारों कार्यकर्ता, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और अलग-अलग समुदायों के लोग शामिल हुए। पूरा मार्ग भाजपा के झंडों, नारों और पुष्पवर्षा से सराबोर नजर आया।
एयरपोर्ट से भाजपा कार्यालय तक दिखा शक्ति प्रदर्शन
शनिवार सुबह करीब 11 बजे लखनऊ पहुंचे नितिन नवीन का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एयरपोर्ट पर स्वागत किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री कमलेश पासवान समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। एयरपोर्ट से निकलने के बाद नितिन नवीन विशेष रूप से तैयार किए गए रथ पर सवार होकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के साथ रोड शो के लिए रवाना हुए। लगभग ढाई घंटे तक चले इस रोड शो के दौरान रास्ते भर कार्यकर्ताओं ने फूल बरसाकर और नारे लगाकर उनका स्वागत किया।
तलवार लहराकर किया अभिवादन, अलग-अलग समुदायों की रही मौजूदगी
रोड शो के दौरान नितिन नवीन ने समर्थकों का अभिवादन करते हुए तलवार भी लहराई, जिसकी चर्चा पूरे कार्यक्रम में होती रही। स्वागत कार्यक्रमों में बुर्का पहने मुस्लिम महिलाओं, टोपी पहने मुस्लिम पुरुषों के साथ-साथ ईसाई समुदाय के पादरी और ननों ने भी हिस्सा लिया और उनका स्वागत किया। यह नजारा भाजपा की ओर से सामाजिक समावेश का संदेश देने की कोशिश के रूप में भी देखा गया।
बुलडोजर की मदद से पहनाई गई 25 फीट लंबी माला
रोड शो के दौरान भाजपा ओबीसी मोर्चा की ओर से नितिन नवीन का विशेष अंदाज में स्वागत किया गया। उन्हें बुलडोजर और क्रेन की सहायता से करीब 25 फीट लंबी विशाल फूलों की माला पहनाई गई, जिसने पूरे कार्यक्रम का आकर्षण बढ़ा दिया। पूरे रास्ते पर पार्टी कार्यकर्ताओं और विभिन्न संगठनों ने जगह-जगह स्वागत मंच बनाए थे, जहां पुष्पवर्षा और नारों के बीच राष्ट्रीय अध्यक्ष का अभिनंदन किया गया।
36 घंटे के दौरे में संगठन पर रहेगा फोकस
राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह नितिन नवीन का पहला लखनऊ दौरा है। वह करीब 36 घंटे राजधानी में रहकर संगठन को लेकर कई अहम बैठकों में हिस्सा लेंगे। दौरे के दौरान सांसदों, विधायकों, मंत्रियों और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकें प्रस्तावित हैं। इसके अलावा संगठन की आगामी रणनीति और विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर भी चर्चा होगी।
प्रदेश कार्यालय में शुरू हुई मैराथन बैठकें
रोड शो के बाद भाजपा प्रदेश कार्यालय में संगठनात्मक बैठकों का सिलसिला शुरू हुआ। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, दोनों उपमुख्यमंत्री, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह सहित प्रदेश पदाधिकारी शामिल हुए। इसके अलावा युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, ओबीसी मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा और अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्षों के साथ सभी छह क्षेत्रीय अध्यक्ष भी बैठक में मौजूद रहे।
98 जिलाध्यक्षों के साथ होगी रणनीतिक चर्चा
प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक के बाद नितिन नवीन सभी 98 संगठनात्मक जिलों के जिलाध्यक्षों और महानगर अध्यक्षों के साथ अलग से बैठक करेंगे। माना जा रहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।




