The Red Ink
भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपने इंटरनेशनल डेब्यू को लेकर चर्चाओं को हवा दे दी है। इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी-20 मुकाबले से पहले उनकी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा गया “New Chapter” अब क्रिकेट फैंस के बीच बड़े संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, टीम मैनेजमेंट की ओर से फिलहाल इस पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
‘New Chapter’ पोस्ट ने बढ़ाई उत्सुकता
शुक्रवार को वैभव सूर्यवंशी ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर अपनी तस्वीर के साथ “New Chapter” लिखा। इसके बाद सोशल मीडिया पर यह चर्चा तेज हो गई कि युवा बल्लेबाज को आज इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी-20 मुकाबले में भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन में मौका मिल सकता है। भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी-20 सीरीज का दूसरा मुकाबला शनिवार शाम 7 बजे मैनचेस्टर में खेला जाएगा।
कोचिंग स्टाफ ने बदलाव के संकेत नहीं दिए
मैच से पहले भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच मॉर्ने मॉर्कल ने कहा कि टीम फिलहाल ज्यादा बदलाव करने के मूड में नहीं है। उन्होंने कहा कि ओपनर अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन जैसे खिलाड़ियों पर टीम का पूरा भरोसा है और कोचिंग स्टाफ खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बनाए रखना चाहता है। ऐसे में वैभव को मौका मिलेगा या नहीं, इस पर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है।
डेब्यू नहीं मिलने पर उठ चुके हैं सवाल
वैभव सूर्यवंशी इस समय भारतीय टीम के साथ आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर हैं। आयरलैंड सीरीज के दौरान उनके डेब्यू की उम्मीद थी, लेकिन उन्हें अंतिम एकादश में जगह नहीं मिली। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी-20 में भी वह बेंच पर ही रहे। युवा बल्लेबाज को लगातार मौका नहीं मिलने पर क्रिकेट जगत के कई दिग्गजों ने सवाल उठाए। पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर, रवि शास्त्री और दक्षिण अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज एबी डिविलियर्स ने भी माना कि वैभव को जल्द अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अवसर मिलना चाहिए।
सबसे कम उम्र में टीम इंडिया तक पहुंचने का रिकॉर्ड
महज 15 साल 71 दिन की उम्र में भारतीय टीम में चयनित होकर वैभव सूर्यवंशी ने नया इतिहास रचा। वह भारत के लिए चुने जाने वाले सबसे युवा क्रिकेटर बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में शेफाली वर्मा और सचिन तेंदुलकर जैसे दिग्गजों का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। शेफाली पहली बार 15 साल 220 दिन की उम्र में भारतीय टीम का हिस्सा बनी थीं, जबकि सचिन तेंदुलकर को 16 साल 194 दिन की उम्र में मौका मिला था।
टीम इंडिया की नंबर-3 जर्सी मिली
बीसीसीआई ने इंग्लैंड दौरे पर वैभव को टीम इंडिया की नंबर-3 जर्सी सौंपी। थ्रोडाउन स्पेशलिस्ट रघु ने उन्हें जर्सी भेंट की, जिसे लेने से पहले वैभव ने उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया। आईसीसी की चाइल्ड सेफगार्डिंग पॉलिसी के तहत उनके लिए अलग चेंजिंग रूम की व्यवस्था की गई है। साथ ही उनकी फैमिली को भी टीम होटल में रहने की अनुमति दी गई है।
हालिया प्रदर्शन ने बढ़ाई उम्मीदें
वैभव हाल के महीनों में शानदार फॉर्म में रहे हैं। उन्होंने इंडिया-ए की ओर से श्रीलंका-ए के खिलाफ ट्राई सीरीज के फाइनल में सिर्फ 11 गेंदों में अर्धशतक जड़कर लिस्ट-ए क्रिकेट का सबसे तेज़ अर्धशतक बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। वहीं आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए उन्होंने 776 रन बनाए। पूरे सीजन में उनका स्ट्राइक रेट 237.31 रहा और उन्होंने एक शानदार शतक भी लगाया। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या मैनचेस्टर में होने वाला दूसरा टी-20 मुकाबला वैभव सूर्यवंशी के अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला अध्याय साबित होगा।




