30 की उम्र में थम गई दिव्यांका सिरोही की ज़िंदगी: घर में गिरीं, सिर में चोट ने छीन ली हरियाणवी स्टार की सांसें

The Red Ink
हरियाणवी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। 30 वर्षीय एक्ट्रेस दिव्यांका सिरोही का अचानक निधन हो गया, जिसने उनके परिवार ही नहीं, पूरी इंडस्ट्री को सदमे में डाल दिया है।

एक पल में सब खत्म- घर में गिरीं, फिर नहीं उठीं
बताया जा रहा है कि 21 अप्रैल की रात गाजियाबाद स्थित घर पर दिव्यांका की तबीयत अचानक बिगड़ गई। चक्कर आने के बाद वह फर्श पर गिर पड़ीं, जिससे उनके सिर में गंभीर अंदरूनी चोट लगी। परिवार वाले तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अगले ही दिन अंतिम विदाई, परिवार सदमे में
बुधवार सुबह गाजियाबाद में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। घर का माहौल मातम में डूबा हुआ है जिस बेटी ने सपनों को सच किया, वह यूं अचानक सब छोड़कर चली जाएगी, किसी ने सोचा भी नहीं था।

50+ गानों में चमकीं, बड़े नामों के साथ किया काम
दिव्यांका सिरोही हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री का जाना-पहचाना चेहरा थीं। उन्होंने 50 से ज्यादा गानों में काम किया और मासूम शर्मा, अमित सैनी रोहतकिया और KD जैसे कलाकारों के साथ स्क्रीन शेयर की। सोशल मीडिया पर भी उनकी जबरदस्त फैन फॉलोइंग थी इंस्टाग्राम पर 13 लाख से ज्यादा लोग उन्हें फॉलो करते थे।

टिक-टॉक से स्टारडम तक का सफर
दिव्यांका का सफर किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं था। एक वायरल वीडियो से शुरू हुआ उनका करियर लाखों दिलों तक पहुंच गया। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि एक पंजाबी गाने पर बनाया गया वीडियो 20 मिलियन व्यूज पार कर गया था यहीं से उनके लिए इंडस्ट्री के दरवाजे खुल गए।

पढ़ाई-लिखाई में भी अव्वल, परिवार का मजबूत सहारा
बुलंदशहर में जन्मी दिव्यांका ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से B.Com किया, फिर MBA और B.Ed की डिग्री हासिल की। परिवार हमेशा उनके साथ खड़ा रहा उन्होंने खुद भी अपने दम पर करियर बनाया।

‘मैं घर की बेटी नहीं, बेटा हूं’- ऐसा था उनका जज़्बा
दिव्यांका अपने परिवार के बेहद करीब थीं। उन्होंने एक बार कहा था कि वह अपने घर में “बेटी नहीं, बेटा” बनकर जिम्मेदारियां निभाती हैं। शादी को लेकर भी उनका नजरिया अलग था उन्होंने फिलहाल शादी न करने का फैसला किया था।

इंडस्ट्री में शोक की लहर
उनके अचानक निधन की खबर फैलते ही कलाकारों और फैंस में शोक की लहर दौड़ गई। हरियाणवी कलाकार मंजीत पांचाल ने सोशल मीडिया पर उन्हें याद करते हुए लिखा- “गजब की आर्टिस्ट थीं… विश्वास नहीं हो रहा।”

एक अधूरी कहानी, जो दिलों में जिंदा रहेगी
दिव्यांका सिरोही का जाना सिर्फ एक कलाकार की मौत नहीं, बल्कि एक ऐसे सपने का टूटना है, जो अभी और ऊंचाइयों को छू सकता था। उनकी मुस्कान, उनका काम और उनका जज़्बा अब सिर्फ यादों में बाकी रह गया है।

Hot this week

Topics

Related Articles

Popular Categories