The Red Ink: लखनऊ के विकास नगर की उस शाम ने सैकड़ों जिंदगियों को हमेशा के लिए बदल दिया। जहां एक घर में अगले दिन शहनाई बजने वाली थी, वहीं कुछ घंटों में सिर्फ राख बची। यह सिर्फ आग नहीं थी यह सपनों, उम्मीदों और जिंदगी भर की मेहनत के जलने की कहानी है।
जब बारात की तैयारी चल रही थी, तब आग ने ली एंट्री
जिस घर से अगले दिन बेटे की बारात निकलनी थी, वहां शाम तक सब कुछ सामान्य था। शादी की तैयारियां, रिश्तेदारों की बातें, आने वाले कल के सपने सब कुछ एकदम सही चल रहा था लेकिन अचानक आग भड़क उठी। कुछ ही मिनटों में हालात ऐसे बदले कि लोगों को अपनी जान बचाने के लिए भागना पड़ा। रेशमा बताती हैं- “तैयारियां चल रही थीं अचानक आग लगी तौलिया लपेटकर जान बचाकर भागे जब वापस आए तो कुछ भी नहीं बचा था।”
शादी हुई… लेकिन घर नहीं बचा
सब कुछ जल जाने के बावजूद बेटे ने किसी तरह चार लोगों के साथ जाकर शादी तो कर ली लेकिन असली दर्द इसके बाद शुरू हुआ- घर नहीं बचा, तो बहू को कहां लाएं? इसी वजह से फिलहाल बेटा अपनी पत्नी के साथ ससुराल में रह रहा है। उधार लेकर जमा किए गए पैसे, बहू के लिए रखे गहने, कपड़े, घर का सामान सब आग में खत्म हो गया।
40 साल का बसेरा कुछ मिनटों में खत्म
विकासनगर की यह झुग्गी बस्ती कोई नई बसावट नहीं थी। लोग यहां करीब चार दशक से रह रहे थे। बरसों की मेहनत से खड़ा किया गया आशियाना, चंद मिनटों में राख में बदल गया। अब हालात ऐसे हैं कि लोगों के पास पहनने के कपड़ों के अलावा कुछ नहीं बचा। यहां तक कि जरूरी दस्तावेज भी आग में जल चुके हैं।
गर्भवती पत्नी को बचाया, घर नहीं बचा
इस त्रासदी में सिर्फ एक परिवार नहीं, बल्कि कई जिंदगियां टूट गईं। रंजीत की कहानी भी उतनी ही दर्दनाक है। उनकी पत्नी नौ महीने की गर्भवती है। जब आग लगी और सिलेंडरों के फटने की आवाजें आने लगीं, तो वह पत्नी को लेकर भागे। उसे सुरक्षित जगह छोड़कर जब वापस लौटे, तब तक सब खत्म हो चुका था। उनका घर, उनका सामान, यहां तक कि छोटी-छोटी बचत सब जलकर राख हो चुका था।
दो मासूम जिंदगियां भी चली गईं
इस आग ने सिर्फ घर नहीं छीने, बल्कि जिंदगियां भी निगल लीं। एक परिवार की दो मासूम बेटियों की मौत हो गई दोनों की उम्र महज दो साल थी। उन्हें शायद यह भी नहीं पता था कि आग क्या होती है। आज पूरी बस्ती में सन्नाटा है और हर चेहरा एक ही सवाल पूछ रहा है क्यों?
कैसे भड़की आग और कितनी देर चला संघर्ष
जानकारी के मुताबिक, विकास नगर सेक्टर-11 में शाम करीब 5:30 बजे आग लगी। एक खाली जमीन पर बसी झुग्गियों में आग तेजी से फैलती गई। गैस सिलेंडरों के फटने से हालात और भयावह हो गए। करीब 22 दमकल गाड़ियों ने मोर्चा संभाला लेकिन आग पर काबू पाने में रात 10 बजे तक का समय लग गया। रात भर राख में चिंगारियां सुलगती रहीं और सुबह जब धुआं कम हुआ, तब लोगों ने अपने उजड़े जीवन को तलाशना शुरू किया।
यह आग सिर्फ एक हादसा नहीं थी यह उन लोगों की कहानी है, जिनके पास पहले ही बहुत कम था और अब वो भी नहीं बचा। राख के ढेर में दबे सपने, अधूरी शादियां, टूटी उम्मीदें विकासनगर की यह त्रासदी लंबे समय तक याद रखी जाएगी।




