The Red Ink
उत्तर प्रदेश की राजनीति को लेकर भाजपा ने बड़ा संदेश दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने स्पष्ट कर दिया कि 2027 का विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व और सरकार के कामकाज के आधार पर लड़ा जाएगा। साथ ही उन्होंने वरिष्ठ नेताओं से संगठन और सरकार के खिलाफ सार्वजनिक बयानबाजी से बचने की भी अपील की।
पूर्व प्रदेश अध्यक्षों के साथ अहम बैठक
लखनऊ के ताज होटल में आयोजित बैठक में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्षों के साथ संगठन और आगामी चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। नितिन नवीन ने कहा कि योगी सरकार ने कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं और इन्हीं उपलब्धियों को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना पार्टी की प्राथमिकता होनी चाहिए।
सरकार के खिलाफ बयान नहीं, उपलब्धियों पर फोकस
बैठक के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ने नेताओं को स्पष्ट संदेश दिया कि ऐसा कोई बयान न दिया जाए जिससे संगठन या सरकार की छवि प्रभावित हो। उन्होंने कहा कि विपक्ष लगातार सरकार के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश कर रहा है, इसलिए पार्टी नेताओं को संयमित और एकजुट रहकर जवाब देना होगा।
वरिष्ठ नेताओं के अनुभव का मिलेगा लाभ
नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्षों का अनुभव पार्टी की बड़ी ताकत है। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह से सुझाव दिया कि वरिष्ठ नेताओं की संगठनात्मक जिम्मेदारियां बढ़ाई जाएं, ताकि विधानसभा चुनाव की तैयारियों में उनके अनुभव का पूरा लाभ मिल सके।
एकजुटता का दिया संदेश
बैठक में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, मंत्री भूपेंद्र सिंह, लक्ष्मीकांत बाजपेयी, रमापति राम त्रिपाठी समेत कई वरिष्ठ भाजपा नेता मौजूद रहे। बैठक का मुख्य संदेश यही रहा कि 2027 की चुनावी तैयारी योगी सरकार के प्रदर्शन, संगठन की एकजुटता और अनुशासित संदेश के साथ आगे बढ़ाई जाएगी।




