तेहरान-कराज को जोड़ने वाला ‘B1’ ब्रिज हवाई हमले में क्षतिग्रस्त, 2 की मौत; ईरान बोला- घुटने नहीं टेकेंगे
The REd Ink: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर बड़ा संदेश दिया है। उन्होंने एक हवाई हमले का वीडियो शेयर करते हुए चेतावनी दी कि “बहुत देर हो जाए उससे पहले” ईरान को समझौता कर लेना चाहिए। यह वीडियो उस हमले से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसमें ईरान के सबसे ऊंचे पुल ‘B1’ ब्रिज को निशाना बनाया गया।
तेहरान के अहम पुल पर हमला, 2 की मौत
गुरुवार, 2 अप्रैल को हुए इस हवाई हमले में ईरानी न्यूज एजेंसी फार्स के मुताबिक दो लोगों की मौत हुई है जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। आसपास के इलाकों में भी नुकसान की खबर है। रिपोर्ट के अनुसार, यह ‘B1’ ब्रिज ईरान की राजधानी तेहरान को पश्चिमी शहर कराज से जोड़ता है और रणनीतिक तौर पर बेहद अहम माना जाता है।
वीडियो में दिखी आग और धुआं
डोनाल्ड ट्रंप द्वारा सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में हमले के बाद पुल में आग लगती और घना धुआं उठता दिखाई दे रहा है। ट्रंप ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर ईरान ने अपना रवैया नहीं बदला, तो उसे भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। उन्होंने यह भी कहा, “और उस देश का कुछ भी बाकी नहीं बचेगा, जो अब भी एक महान देश बन सकता था!”

हमले की जिम्मेदारी पर सस्पेंस
ट्रंप के बयान से यह संकेत जरूर मिला कि अमेरिका इस हमले में शामिल हो सकता है लेकिन अब तक किसी भी देश ने आधिकारिक तौर पर इसकी जिम्मेदारी नहीं ली है। इजरायली डिफेंस फोर्सेज (IDF) ने पहले BBC को बताया था कि उन्हें इस हमले की जानकारी नहीं थी। वहीं, द टाइम्स ऑफ इजरायल ने अपनी रिपोर्ट में इसे अमेरिका से जुड़ा हमला बताया है।
मिडिल ईस्ट का अहम कनेक्शन था ‘B1’ ब्रिज
‘B1’ ब्रिज को मिडिल ईस्ट का सबसे ऊंचा पुल माना जाता है। इसकी ऊंचाई लगभग 136 मीटर और लंबाई करीब 1050 मीटर है। इसी साल शुरू हुए इस प्रोजेक्ट की लागत करीब 400 मिलियन डॉलर (लगभग 3800 करोड़ रुपये) बताई गई थी। यह पुल तेहरान को उत्तरी इलाकों से जोड़ने और व्यापार को आसान बनाने के लिए बनाया गया था। इस पुल को नुकसान पहुंचने से ट्रैफिक और व्यापार पर बड़ा असर पड़ सकता है।
ईरान का जवाब- ‘घुटने नहीं टेकेंगे’
हमले के बाद ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों से जुड़े ढांचे, जैसे पुल और इमारतों पर हमले करके ईरान को झुकाया नहीं जा सकता।
मिसाइल हमलों से दिया जवाब
इसी बीच, ईरान ने गुरुवार को इजरायल और खाड़ी के अरब देशों पर लगातार मिसाइलें दागीं। इससे साफ है कि ईरान अब भी पूरे क्षेत्र में अपने टारगेट को निशाना बनाने की क्षमता रखता है। ये हमले ऐसे समय हुए हैं जब डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में दावा किया था कि ईरान से खतरा लगभग खत्म हो चुका है।
वीडियो के जरिए दी गई चेतावनी और जवाब में मिसाइल हमले मिडिल ईस्ट का तनाव कम होने के बजाय और खतरनाक दिशा में बढ़ता दिख रहा है।




