The Red Ink: आईपीएल 2026 में आज Kolkata Knight Riders और Lucknow Super Giants के बीच होने वाला मुकाबला सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि कोलकाता की रणनीति की अग्निपरीक्षा बनता दिख रहा है। सबकी नजरें एक खिलाड़ी पर टिकी हैं Cameron Green।
क्या आज लौटेगा KKR का ‘गेम-चेंजर’?
ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर Cameron Green इस सीजन में अब तक गेंदबाजी करते नजर नहीं आए हैं। पीठ की सर्जरी के बाद वह धीरे-धीरे वापसी की राह पर हैं लेकिन अब संकेत साफ हैं वह प्रतिस्पर्धी मैच में गेंदबाजी के लिए तैयार दिख रहे हैं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की सलाह को 10 दिन से ज्यादा समय हो चुका है, जिसमें कहा गया था कि ग्रीन “लगभग 10-12 दिन में” गेंदबाजी में लौट सकते हैं। अब नेट्स पर उनकी बढ़ती मेहनत यही इशारा कर रही है कि LSG के खिलाफ मुकाबले में वह गेंद हाथ में ले सकते हैं।
नेट्स में पूरी ताकत, मैदान में इंतजार
ग्रीन ने पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच से पहले फुल इंटेंसिटी के साथ गेंदबाजी की थी। इसके बाद ट्रेनिंग सेशन में भी उन्होंने कुछ ओवर डाले लेकिन आंधी-तूफान के कारण मैच रद्द हो गया। अब LSG के खिलाफ मुकाबले से पहले उन्होंने 30 मिनट से ज्यादा समय तक नेट्स में गेंदबाजी की। हालांकि मौसम ने यहां भी बाधा डाली लेकिन उनकी तैयारी ने KKR कैंप में उम्मीद जरूर जगा दी है।
गेंदबाजी की कमजोरी बन सकती है ताकत
ग्रीन के गेंदबाजी न करने से अब तक KKR का कॉम्बिनेशन प्रभावित रहा है। टीम पहले ही कई झटके झेल चुकी है Mustafizur Rahman इस सीजन से बाहर हो चुके हैं, जबकि Harshit Rana और Akash Deep चोट के कारण उपलब्ध नहीं हैं। स्पिन डिपार्टमेंट में भी दिक्कत रही Sunil Narine (पेट दर्द) और Varun Chakravarthy (हाथ की चोट) पिछले मैच में नहीं खेल सके थे। हालांकि नारायण अब वापसी के लिए तैयार बताए जा रहे हैं लेकिन चक्रवर्ती की स्थिति अभी साफ नहीं है।
आज की टक्कर में छुपा है बड़ा मोड़
KKR के लिए यह मुकाबला सिर्फ जीत का नहीं, बल्कि संतुलन पाने का भी है। अगर Cameron Green गेंदबाजी करते हैं, तो टीम की सबसे बड़ी कमजोरी ताकत में बदल सकती है। अब सवाल यही है क्या 25 करोड़ का यह दांव आज मैदान पर उतरकर KKR की किस्मत बदल पाएगा?




