The Red Ink
आईपीएल 2026 का 23वां मुकाबला आज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और लखनऊ सुपरजायंट्स के बीच खेला जाएगा। चिन्नास्वामी स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से शुरू होने वाला यह मुकाबला सिर्फ दो टीमों की भिड़ंत नहीं, बल्कि रिकॉर्ड, फॉर्म और टेबल टॉप की लड़ाई भी है।
होमग्राउंड पर RCB की सबसे बड़ी चुनौती
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए सबसे बड़ा दबाव अपने ही घर में जीत का है। टीम अब तक अपने होमग्राउंड पर लखनऊ सुपरजायंट्स को एक भी मैच नहीं हरा सकी है। आज का मैच इस ‘होम जिंक’ को तोड़ने का सुनहरा मौका है।
पॉइंट्स टेबल में नंबर-1 बनने का मौका
RCB इस सीजन शानदार फॉर्म में है और 4 में से 3 मैच जीतकर तीसरे स्थान पर है। अगर आज टीम जीतती है, तो सीधे पॉइंट्स टेबल में नंबर-1 पर पहुंच सकती है। वहीं, लखनऊ सुपरजायंट्स ने 4 में से 2 मैच जीते हैं और संतुलन तलाश रही है।
हेड-टु-हेड में RCB आगे, लेकिन ट्विस्ट यहीं है
दोनों टीमों के बीच अब तक 6 मुकाबले हुए हैं, जिसमें RCB ने 4 और LSG ने 2 मैच जीते हैं। लेकिन दिलचस्प बात ये है कि लखनऊ की दोनों जीत बेंगलुरु के इसी मैदान पर आई हैं जो आज के मुकाबले को और ज्यादा दिलचस्प बना देता है।
पिछले सीजन की भिड़ंत में RCB ने लखनऊ में 230 रन का लक्ष्य सिर्फ 18.4 ओवर में चेज कर लिया था।
पाटीदार के पास टॉप पर पहुंचने का मौका
RCB के कप्तान रजत पाटीदार शानदार फॉर्म में हैं। 2 अर्धशतकों के साथ वे 195 रन बनाकर टूर्नामेंट के चौथे टॉप स्कोरर हैं। आज 30 रन बनाते ही वे नंबर-1 बल्लेबाज बन सकते हैं। उनके साथ विराट कोहली और फिल सॉल्ट भी बेहतरीन लय में नजर आ रहे हैं। गेंदबाजी में जैकब डफी 6 विकेट लेकर टीम के सबसे सफल गेंदबाज हैं।
LSG की बैटिंग चिंता का विषय
लखनऊ सुपरजायंट्स के लिए सबसे बड़ी परेशानी उनकी बल्लेबाजी है। टीम का कोई भी बल्लेबाज अब तक 110 रन तक नहीं पहुंच पाया है। ऐडन मार्करम टीम के टॉप स्कोरर हैं, लेकिन पूरे टूर्नामेंट में वे 30वें स्थान पर हैं। कप्तान ऋषभ पंत ने सिर्फ एक अर्धशतक लगाया है और बाकी बल्लेबाज 100 रन के आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके हैं। हालांकि, गेंदबाजी में प्रिंस यादव और मोहम्मद शमी ने अच्छा प्रदर्शन किया है।
चिन्नास्वामी—जहां रन बरसते हैं
बेंगलुरु का चिन्नास्वामी स्टेडियम इस सीजन पूरी तरह हाई स्कोरिंग साबित हुआ है। यहां खेले गए दोनों मैचों की चारों पारियों में 200+ स्कोर बना है। एक मुकाबले में SRH ने 201 रन बनाए थे, जिसे RCB ने सिर्फ 15.4 ओवर में हासिल कर लिया। दूसरे मैच में RCB ने 250 रन ठोके, जिसके जवाब में CSK 207 तक ही पहुंच सकी।
मौसम और टॉस का रोल
आज बेंगलुरु में बारिश की कोई संभावना नहीं है। तापमान 22 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जबकि मैच के दौरान करीब 28 डिग्री रहने की उम्मीद है। यहां ओस का असर भी रहता है, इसलिए टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद करती है।
एक तरफ फॉर्म में चल रही RCB, दूसरी तरफ संघर्ष करती LSG लेकिन आंकड़े बताते हैं कि चिन्नास्वामी में कुछ भी हो सकता है। आज का मुकाबला सिर्फ जीत-हार नहीं, बल्कि रिकॉर्ड, दबाव और मौके की परीक्षा भी है।




