The Red Ink:
अभद्र टिप्पणियों का जिक्र कर बोले- मुझे और मेरी दिवंगत मां को भी गालियां दी गईं…
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जंतर-मंतर पर हुए विवाद को लेकर एक और वीडियो संदेश जारी किया है। अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किए गए वीडियो में पीएम मोदी ने प्रदर्शन के दौरान की गई अभद्र टिप्पणियों का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ बच्चों ने ऐसी भाषा का इस्तेमाल किया, जो किसी भी सभ्य समाज के लिए स्वीकार्य नहीं हो सकती।
प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान उन्हें गालियां दी गईं और उनकी दिवंगत मां के लिए भी आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर जो कुछ हुआ, उसे देश और दुनिया ने देखा है।
‘बचपन में गलतियां होती हैं, सुधार का मौका भी मिलना चाहिए’
पीएम मोदी ने कहा कि बच्चों से गलतियां होना स्वाभाविक है और बचपन में ही गलतियों से सीखने और खुद को सुधारने का अवसर भी मिलता है। उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद समाज में जो नाराजगी है, वह समझी जा सकती है।
प्रधानमंत्री ने इसे एक तरह का “कल्चरल शॉक” बताते हुए कहा कि लोगों के मन में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि देश की बेटियां इस तरह की भाषा का इस्तेमाल कैसे कर सकती हैं।
‘ये बच्चे गुमराह हैं, इन्हें दंड नहीं दिशा चाहिए’
प्रधानमंत्री ने कहा कि इन बच्चों को सजा देने या कानूनी मामलों में उलझाने के बजाय उन्हें अपनाकर सही दिशा दिखाने की जरूरत है। उनके मुताबिक, बच्चों को अदालतों के चक्कर लगवाने या समाज में प्रताड़ित करने से हालात नहीं बदलेंगे।
पीएम मोदी ने कहा कि वह इन बच्चों को माफ करना चाहते हैं और समाज से भी उनकी इस भावना को स्वीकार करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि बच्चे गुमराह हो सकते हैं, लेकिन उन्हें सही रास्ते पर लाना समाज की जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री के अनुसार, किसी को राह दिखाना मुश्किल काम हो सकता है, लेकिन समाज को यह जिम्मेदारी निभानी होगी।
दांत और जीभ का उदाहरण देकर समझाई अपनी बात
वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री ने दांत और जीभ का उदाहरण देते हुए कहा कि कभी-कभी जीभ गलती से दांतों के बीच आ जाती है और चोट लगने पर खून भी निकल आता है, लेकिन हम अपने दांत नहीं तोड़ते, क्योंकि दांत और जीभ दोनों हमारे ही शरीर का हिस्सा हैं।
इसी तरह उन्होंने कहा कि देश के बच्चे भी समाज के अपने हैं और उन्हें अलग करने या दंडित करने के बजाय सही दिशा देना जरूरी है।
बच्चों से बोले- आओ, देश के लिए साथ आगे बढ़ें
प्रधानमंत्री ने बच्चों से देश के विकास में साथ आने की अपील की। उन्होंने कहा कि वे अपनी गलतियों से सीखें, नए अनुभव हासिल करें और अपने सपनों को पूरा करने के लिए आगे बढ़ें।
पीएम मोदी ने कहा कि देश लगातार प्रगति कर रहा है और युवाओं का भविष्य भी आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य देश के बच्चों और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए काम करना है।




