दरिंदों की भीड़, अकेली महिला: नालंदा का वीडियो बता रहा है- खौफ में जी रही हैं महिलाएं

Bihar Crime: एक तरफ समाज महिलाओं की सुरक्षा के बड़े-बड़े दावे करता है, दूसरी तरफ बिहार के नालंदा से आई यह घटना उस हकीकत को उजागर करती है जिसे अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है। यह सिर्फ एक अपराध नहीं बल्कि उस सोच की तस्वीर है जहां भीड़ के बीच एक महिला की इज्जत और सुरक्षा दोनों दांव पर लग जाती हैं।

क्या है पूरा मामला?
बिहार के नालंदा ज़िले के एक गांव में एक महिला के साथ यौन हिंसा की घटना सामने आई है। 26 मार्च को हुई इस घटना के बाद महिला ने 27 मार्च को स्थानीय थाने में एफआईआर दर्ज कराई। 30 मार्च को जब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तो लोगों में गुस्सा फूट पड़ा। वीडियो में कुछ पुरुष महिला के साथ यौन हिंसा करते दिखाई दे रहे हैं, वहीं कुछ लोग उसे बचाने की कोशिश करते भी नजर आते हैं। महिला के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल भी किया गया।

गिरफ्तारी और पुलिस कार्रवाई
नालंदा के एसपी भारत सोनी के मुताबिक, महिला की शिकायत के आधार पर तीन लोगों- अशोक यादव, मतलू महतो और रविकांत कुमार को नामजद किया गया। अशोक यादव और मतलू महतो की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। वायरल वीडियो के आधार पर छह अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें भी गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में SIT का गठन किया गया है और पुलिस ने 30 दिनों के भीतर चार्जशीट दाखिल कर स्पीडी ट्रायल का भरोसा दिया है।
महिला की कहानी- डर, संघर्ष और अपमान
तीन बच्चों की मां, इस महिला की जिंदगी पहले ही मुश्किलों से भरी थी। पति बाहर मजदूरी करते हैं, ससुर का निधन हो चुका है और सास बीमार रहती हैं। घटना वाले दिन वह अपनी बेटी को पैसे भेजने के लिए गांव के एक युवक के पास गई थी लेकिन वहां जो हुआ, उसने उसकी जिंदगी बदल दी। महिला के मुताबिक, गांव के लोगों ने उसे देख लिया, हंगामा हुआ, कमरे को बंद कर दिया गया और फिर मारपीट शुरू हो गई। किसी तरह वह अपनी जान बचाकर निकल पाई।

गांव में खामोशी और डर का माहौल
घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। पुरुष कम नजर आ रहे हैं, महिलाएं भी खुलकर कुछ कहने से बच रही हैं। महिला के घर के बाहर पुलिस तैनात है और उसे मीडिया व बाहरी लोगों से दूर रखा जा रहा है। कुछ आरोपियों के परिजन दावा कर रहे हैं कि उनके लोग निर्दोष हैं और महिला को बचाने की कोशिश कर रहे थे।

कानूनी धाराएं और जांच
इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74/75/76/115(2)/126(2)/3(5) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने सोशल मीडिया से वीडियो हटाने की कार्रवाई शुरू की है और लोगों से इसे शेयर न करने की अपील की है।

राजनीति भी गरमाई
घटना के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सरकार पर कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए, वहीं बीजेपी ने कार्रवाई का हवाला देते हुए दोषियों को सख्त सजा देने की बात कही।

समाज पर सवाल
मानवाधिकार कार्यकर्ताओं का कहना है कि इस घटना में सिर्फ अपराधी ही नहीं बल्कि पूरा समाज कठघरे में खड़ा है। सवाल सिर्फ कानून का नहीं, उस सोच का भी है जो महिलाओं के खिलाफ भीड़ को खड़ा कर देती है। यह घटना सिर्फ एक केस फाइल नहीं है बल्कि उस डर, शर्म और दर्द की कहानी है जो एक महिला को जिंदगी भर झेलना पड़ता है। कानून अपना काम करेगा लेकिन असली सवाल यही है क्या हमारा समाज कभी महिलाओं के लिए सच में सुरक्षित हो पाएगा?

Hot this week

ममता के सबसे भरोसेमंद साथी फिरहाद हकीम का इस्तीफा, TMC संकट और गहराया

The Red Ink पश्चिम बंगाल की राजनीति में तृणमूल कांग्रेस...

Topics

ममता के सबसे भरोसेमंद साथी फिरहाद हकीम का इस्तीफा, TMC संकट और गहराया

The Red Ink पश्चिम बंगाल की राजनीति में तृणमूल कांग्रेस...

Related Articles

Popular Categories