लखनऊ में सियासी मेल-मिलाप: ब्रजेश पाठक के घर योगी-नितिन नवीन ने साथ खाया आम, अपर्णा यादव से भी हुई खास मुलाकात

The Red Ink
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रविवार को भाजपा के शीर्ष नेताओं की कई अहम राजनीतिक मुलाकातें देखने को मिलीं। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के आवास पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के साथ दोपहर का भोजन किया। इस दौरान आम की दावत भी चर्चा का केंद्र रही। वहीं भाजपा नेता अपर्णा यादव से उनकी मुलाकात ने भी राजनीतिक हलकों का ध्यान खींचा।

भाजपा के शीर्ष नेताओं की एकजुटता का संदेश
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के सरकारी आवास पर आयोजित लंच में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन एक साथ नजर आए। बैठक के दौरान नेताओं ने साथ बैठकर आम का स्वाद लिया और संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अनौपचारिक चर्चा की। इसे आगामी राजनीतिक रणनीति और संगठनात्मक समन्वय के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

NDA सहयोगियों से अलग-अलग बातचीत
इससे पहले नितिन नवीन ने एनडीए के सहयोगी दलों के नेताओं से अलग-अलग मुलाकात की। उन्होंने निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद, सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर, अपना दल (एस) के नेता आशीष पटेल और राष्ट्रीय लोकदल के महासचिव त्रिलोक त्यागी से बातचीत की। बैठक के बाद सहयोगी दलों के नेताओं ने स्पष्ट किया कि सीट बंटवारे पर कोई चर्चा नहीं हुई। बातचीत का मुख्य फोकस 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों और गठबंधन को मजबूत करने की रणनीति पर रहा।

अपर्णा यादव से मुलाकात, जताया संवेदना
भाजपा नेता अपर्णा यादव ने भी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। इस दौरान नितिन नवीन ने उनके पति प्रतीक यादव के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की। मुलाकात के बाद अपर्णा यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन में पार्टी का हर कार्यकर्ता राष्ट्रसेवा, सुशासन और अंत्योदय के संकल्प को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।

पूर्व प्रदेश अध्यक्षों से भी लिया फीडबैक
लखनऊ दौरे के दौरान नितिन नवीन ने भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्षों के साथ भी बैठक की। सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में उत्तर प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों, संगठन की स्थिति और जातीय समीकरणों पर विस्तार से चर्चा हुई। हालांकि, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विनय कटियार इस बैठक में शामिल नहीं हुए।

संघ नेताओं से भी करेंगे चर्चा
दोपहर के कार्यक्रमों के बाद नितिन नवीन के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यालय ‘भारती भवन’ पहुंचकर संघ पदाधिकारियों से मुलाकात करने का भी कार्यक्रम तय है। माना जा रहा है कि संगठन और चुनावी तैयारियों को लेकर यहां भी महत्वपूर्ण चर्चा होगी।

Hot this week

‘अब लखनऊ आने के लिए अनुमति नहीं मांगेंगे’, शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद का प्रशासन पर सीधा हमला

The Red Ink: ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने...

Topics

‘अब लखनऊ आने के लिए अनुमति नहीं मांगेंगे’, शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद का प्रशासन पर सीधा हमला

The Red Ink: ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने...

Related Articles

Popular Categories