लखनऊ में आज बादलों और धूप का रहेगा दौर, 3 अगस्त से तेज बारिश के आसार; मानसून की कमी हो सकती है पूरी

The Red Ink:

दिन में हल्की बारिश की संभावना, तेज हवाओं से उमस में मिल सकती है राहत…

लखनऊ में शनिवार को आसमान में बादलों की आवाजाही बनी हुई है। शहर में करीब 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं, जबकि बीच-बीच में तेज धूप भी निकल रही है। दिन के दौरान कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है, हालांकि मौसम विभाग ने आज के लिए कोई चेतावनी या अलर्ट जारी नहीं किया है।

मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, लखनऊ में आज अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

सामान्य से 44% कम हुई बारिश

इस मानसून सीजन में अब तक लखनऊ में 176.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य तौर पर करीब 310.4 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी। इस तरह शहर में अब तक सामान्य से लगभग 44% कम वर्षा हुई है।

शुक्रवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.3 डिग्री अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा और यह सामान्य से 2.2 डिग्री ज्यादा था।

शहर में अधिकतम आर्द्रता 81% और न्यूनतम आर्द्रता 67% दर्ज की गई। दिन के समय तेज धूप निकलने से गर्मी और उमस का असर भी महसूस किया गया।

2 अगस्त को हल्की बारिश, 3 अगस्त से बदलेगा मौसम

मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, फिलहाल मानसून की सक्रियता कुछ कमजोर पड़ी है, लेकिन अगस्त की शुरुआत के साथ ही इसमें फिर तेजी आने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि 2 अगस्त को लखनऊ में हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद 3 अगस्त से बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है। शहर में 3 से 6 अगस्त के बीच तेज बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।

मध्य भारत की ओर खिसका मानसून का मुख्य असर

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना गहरे दबाव का क्षेत्र अब छत्तीसगढ़ और ओडिशा समेत मध्य भारत की ओर बढ़ गया है। इसके चलते मानसून की मुख्य गतिविधियां फिलहाल उत्तर प्रदेश से हटकर मध्य भारत में केंद्रित हो गई हैं।

हालांकि, इस दौरान तेज हवाएं चलने की संभावना है। बारिश कम होने के बावजूद हवाओं के कारण तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं होगी और लोगों को उमस से कुछ राहत मिल सकती है।

उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ेगी मानसून ट्रफ लाइन

मौसम विभाग का अनुमान है कि मध्य भारत में सक्रिय मौसमी सिस्टम जल्द कमजोर पड़ सकता है। इसके बाद मानसून की ट्रफ लाइन उत्तर भारत और उत्तर प्रदेश की ओर तेजी से बढ़ेगी।

इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवाएं भी मजबूत होने की संभावना है। इन मौसमी बदलावों का असर अगस्त के पहले सप्ताह में लखनऊ पर पड़ सकता है और शहर में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो सकता है।

Hot this week

Topics

Related Articles

Popular Categories