The Red Ink
लखनऊ विश्वविद्यालय में फीस वृद्धि और छात्रों के निष्कासन के विरोध में 56 दिनों तक धरना देने वाले छात्र हर्षित शुक्ला, प्रेम प्रकाश यादव और प्रिंस प्रकाश को अब उनके संघर्ष का परिणाम मिला है। निष्कासन समाप्त होने के बाद छात्र अपने अन्य साथियों के साथ पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद सिंह गोप से मिलने उनके लखनऊ स्थित आवास पहुंचे।
अरविंद सिंह गोप ने माला पहनाकर दी बधाई
अरविंद सिंह गोप ने छात्रों का फूल-मालाओं से स्वागत किया और निष्कासन बहाल होने पर उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने छात्रों के लंबे संघर्ष की सराहना करते हुए कहा कि न्याय की मांग को लेकर सभी ने एकजुट होकर अपनी आवाज उठाई।
56 दिनों तक विश्वविद्यालय परिसर में जारी रहा धरना
छात्रों ने लखनऊ विश्वविद्यालय परिसर में लगातार 56 दिनों तक धरना दिया था। उनकी मांगों में फीस वृद्धि से जुड़े मुद्दे और निष्कासन समाप्त कर उन्हें दोबारा विश्वविद्यालय की गतिविधियों में शामिल करने की मांग प्रमुख थी।
छात्रों के संघर्ष और एकजुटता की सराहना
सम्मान कार्यक्रम के दौरान अरविंद सिंह गोप ने आंदोलन में शामिल सभी छात्रों के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि छात्रों ने लगातार संघर्ष करते हुए अपनी मांगों को सामने रखा और इस दौरान एकजुटता बनाए रखी। छात्रों ने भी निष्कासन बहाली को अपने सामूहिक संघर्ष की जीत बताया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अन्य छात्र और आंदोलन से जुड़े साथी भी मौजूद रहे।




