लखनऊ में दिनदहाड़े प्रॉपर्टी डीलर पर हमला, ऑफिस के बाहर मारी गई गोलियां; CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में बुधवार दोपहर अपराधियों ने बेखौफ होकर एक प्रॉपर्टी डीलर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना पीजीआई थाना क्षेत्र के कल्ली पश्चिम इलाके की है, जहां बाइक सवार दो हमलावरों ने ऑफिस के बाहर कारोबारी को निशाना बनाया और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
घायल कारोबारी की पहचान जौनपुर निवासी संदीप सिंह के रूप में हुई है, जो फिलहाल लखनऊ में रहकर प्रॉपर्टी डीलिंग का कारोबार करते हैं। गंभीर हालत में उन्हें अपेक्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

ऑफिस पहुंचते ही शुरू हो गई फायरिंग
जानकारी के मुताबिक, संदीप सिंह बुधवार दोपहर अपने ड्राइवर प्रदीप सिंह के साथ कल्ली पश्चिम बाजार स्थित यादव मार्केट में बने ऑफिस पहुंचे थे। जैसे ही वह कार से उतरकर ऑफिस की तरफ बढ़े, उसी दौरान अपाचे बाइक पर आए दो बदमाशों ने उन पर गोलियां चला दीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर बेहद प्रोफेशनल तरीके से आए थे। बाइक चला रहा युवक हेलमेट लगाए हुए था, जबकि पीछे बैठे शूटर ने चेहरा कपड़े से ढक रखा था।

CCTV में दिखी 50 सेकंड की सनसनी
घटना का करीब 50 सेकंड का CCTV फुटेज सामने आया है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि संदीप मोबाइल पर बात करते हुए ऑफिस की तरफ जा रहे हैं। तभी एक युवक उनके करीब पहुंचता है और लगातार फायरिंग शुरू कर देता है। पहली गोली लगते ही संदीप सड़क पर गिर जाते हैं, लेकिन आरोपी फायरिंग जारी रखता है। फुटेज में यह भी दिख रहा है कि हमलावर जमीन पर गिरे संदीप के बेहद करीब जाकर गोली मारता है और फिर बाइक पर बैठे अपने साथी के साथ मौके से फरार हो जाता है।

इलाके में फैली दहशत
दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग तुरंत घायल संदीप को अस्पताल लेकर पहुंचे। घटना के बाद बाजार में दहशत का माहौल है।

पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश समेत कई पहलुओं पर पड़ताल की जा रही है। डीसीपी साउथ अमित कुमार आनंद ने बताया कि दो बाइक सवार युवकों द्वारा फायरिंग किए जाने की पुष्टि हुई है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Hot this week

‘अब लखनऊ आने के लिए अनुमति नहीं मांगेंगे’, शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद का प्रशासन पर सीधा हमला

The Red Ink: ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने...

Topics

‘अब लखनऊ आने के लिए अनुमति नहीं मांगेंगे’, शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद का प्रशासन पर सीधा हमला

The Red Ink: ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने...

Related Articles

Popular Categories