लखनऊ से हज यात्रा की शुरुआत: पहले जत्थे में 427 हाजी रवाना, हज हाउस में दिखे जज्बाती लम्हे

The Red Ink
राजधानी लखनऊ से हज यात्रा का सिलसिला शुरू हो गया है। बुधवार को 427 हज यात्रियों का पहला जत्था सऊदी अरब के लिए रवाना होगा। सरोजनीनगर स्थित मोहम्मद अली मियां हज हाउस में सुबह से ही यात्रियों और उनके परिजनों की आवाजाही तेज हो गई। हज यात्रियों को विदा करने के लिए अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री दानिश आजाद अंसारी और कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर मौजूद रहे, जिन्होंने आधिकारिक रूप से फ्लैग ऑफ किया।

हज हाउस में भावनाओं का माहौल
रवाना होने से पहले हज हाउस में भावुक नज़ारे देखने को मिले। परिवार के लोग गले मिलकर दुआएं दे रहे हैं। कई जगह आंखें नम दिखीं लेकिन परिजनों का कहना है कि ये विदाई नहीं, खुशी के आंसू हैं।

लू के खतरे के बीच हेल्थ प्लान तैयार
भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए इस बार हज यात्रियों के लिए मेडिकल व्यवस्था पर खास फोकस किया गया है। डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ को साथ भेजा जा रहा है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत इलाज मिल सके। राज्य हज कमेटी का डेलिगेशन पहले ही सऊदी अरब जाकर वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर चुका है।

‘हज सुविधा ऐप’ बनेगा सहारा
यात्रियों की मदद के लिए ‘हज सुविधा ऐप’ भी सक्रिय है। इसमें SOS बटन दिया गया है, जिससे किसी भी इमरजेंसी में तुरंत लोकेशन के साथ मदद मिल सकेगी। ऑडियो-वीडियो के जरिए भी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी जा सकती है।

सियासी हलकों से भी प्रतिक्रिया
पूर्व विधायक इरफान सोलंकी ने बताया कि उनके परिवार के चार सदस्य हज के लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनका खुद का पासपोर्ट निलंबित है, इसलिए वे नहीं जा पा रहे, लेकिन उन्होंने हाजियों से अपने लिए दुआ करने की अपील की है। उनके भाई फरहान सोलंकी ने कहा कि मक्का पहुंचकर वे परिवार के लिए और खास तौर पर इरफान सोलंकी के लिए दुआ करेंगे।

उलेमाओं की अपील- देश के लिए करें दुआ
इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया के मौलाना सुफियान निजामी ने कहा कि हज करीब 40 दिन की इबादत का सफर है, जिसमें सब्र और अनुशासन जरूरी है। वहीं, शिया धर्मगुरु मौलाना यासूब अब्बास ने हाजियों से देश में अमन और तरक्की के लिए दुआ करने की अपील की।

दूसरी बार हज पर जा रहे यात्री बोले
कानपुर के मोहम्मद आमिर, जो दूसरी बार हज पर जा रहे हैं, ने कहा कि मदीना पहुंचने का सुकून शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता। उनके मुताबिक, हज के सफर में निकलते ही इंसान दुनियावी चिंताओं से दूर हो जाता है।

पूरा शेड्यूल और आंकड़े
इस साल उत्तर प्रदेश से 17,065 लोगों ने हज के लिए आवेदन किया है। लखनऊ से कुल 684 यात्री रवाना होंगे। 22 अप्रैल से 2 मई के बीच 14 फ्लाइट्स के जरिए सभी यात्रियों को भेजा जाएगा। उड़ानें चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से अलग-अलग समय पर होंगी। इस बार प्रति यात्री हज खर्च करीब 3.69 लाख रुपये तय किया गया है, जिसमें कुर्बानी की राशि भी शामिल है।

Hot this week

काशी में दिखा रिंकू-प्रिया का खास अंदाज़: गंगा आरती के बीच शादी की चर्चाएं तेज

The Red Ink आईपीएल की व्यस्तता के बीच भारतीय क्रिकेटर...

Topics

इकाना में आज ‘सिक्स वॉर’: LSG vs RR, वैभव vs लखनऊ गेंदबाज़

The Red Ink आईपीएल 2026 का 32वां मुकाबला आज लखनऊ...

Related Articles

Popular Categories