इकाना में आज ‘डबल टेस्ट’: लाल-काली पिच पर LSG vs GT की भिड़ंत, पंत-पूरन vs गिल-रबाडा का मुकाबला

The Red Ink: दोपहर 3:30 बजे से शुरू होगा मैच स्पिन और पेस दोनों को मदद देने वाली पिच, स्टेडियम में सितारों के पोस्टरों से बना क्रिकेट का माहौल।

इकाना तैयार, मुकाबला हाई-वोल्टेज
लखनऊ का इकाना स्टेडियम आज एक और बड़े IPL मुकाबले का गवाह बनने जा रहा है, जहां गुजरात टाइटंस और लखनऊ सुपर जायंट्स आमने-सामने होंगी। दोपहर 3:30 बजे शुरू होने वाला यह मैच सिर्फ दो टीमों की टक्कर नहीं, बल्कि रणनीति, पिच और फॉर्म का भी इम्तिहान होगा। मैच से पहले पूरे स्टेडियम को LSG मैनेजमेंट ने खास अंदाज में सजाया है। ऋषभ पंत, निकोलस पूरन, मोहम्मद शमी, मयंक यादव और मिशेल मार्श जैसे खिलाड़ियों के बड़े-बड़े पोस्टर माहौल को और जोश से भर रहे हैं।

लाल-काली मिट्टी की पिच: बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों के लिए मौका
आज का मुकाबला जिस पिच पर खेला जाएगा, वह काली और लाल मिट्टी से बनी है और यही इसे दिलचस्प बनाती है। दिन का मैच होने के कारण पिच पर उछाल अच्छी रहने की उम्मीद है, जिससे बल्लेबाज खुलकर शॉट खेल सकते हैं। वहीं, इस सतह पर स्पिनर्स को टर्न और तेज गेंदबाजों को मूवमेंट मिलने की भी संभावना है। यानी मुकाबला पूरी तरह बैलेंस नजर आ रहा है।

हेड-टू-हेड: मुकाबला कांटे का, बढ़त गुजरात के पास
अब तक दोनों टीमों के बीच कुल 7 मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिसमें गुजरात टाइटंस ने 4 बार जीत हासिल की है, जबकि लखनऊ सुपर जायंट्स ने 3 मैच अपने नाम किए हैं। इकाना स्टेडियम की बात करें तो यहां दोनों टीमों के बीच 3 मैच हुए हैं, जिनमें 2 बार लखनऊ और 1 बार गुजरात ने जीत दर्ज की है। यानी घरेलू मैदान पर LSG का रिकॉर्ड थोड़ा मजबूत दिखता है।

LSG की ताकत: पंत की फॉर्म और गेंदबाजी का संतुलन
लखनऊ की टीम के कप्तान ऋषभ पंत इस समय शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने हैदराबाद के खिलाफ नाबाद 68 रन की पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई थी और आज भी उनसे बड़ी पारी की उम्मीद रहेगी। मिडिल ऑर्डर में तेजी से रन बनाने की जिम्मेदारी भी उन्हीं पर होगी। गेंदबाजी में प्रिंस यादव ने अब तक सबसे ज्यादा विकेट लिए हैं, जबकि एम सिद्धार्थ इस पिच पर स्पिन का अहम हथियार बन सकते हैं।

पिच का इतिहास: कभी लो स्कोर, कभी बड़ा धमाका
इकाना की पिच आमतौर पर स्पिनर्स के लिए मददगार मानी जाती है। इस सीजन यहां खेले गए एक मुकाबले में लखनऊ की टीम सिर्फ 141 रन बना सकी थी, जिसे दिल्ली ने 18वें ओवर में ही हासिल कर लिया। हालांकि, आंकड़े बताते हैं कि यह मैदान कभी-कभी बड़े स्कोर का भी गवाह रहा है। यहां का हाईएस्ट टीम स्कोर 235/6 है, जो KKR ने 2024 में LSG के खिलाफ बनाया था। कुल 23 IPL मैचों में 9 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम जीती है, जबकि 13 बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम सफल रही है। एक मैच बेनतीजा रहा।

संभावित प्लेइंग इलेवन
लखनऊ सुपर जायंट्स- ऐडन मार्करम, मिचेल मार्श, ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), निकोलस पूरन, अब्दुल समद, मुकुल चौधरी, एम सिद्धार्थ, आवेश खान, दिग्वेश राठी, प्रिंस यादव, मोहम्मद शमी, इम्पैक्ट प्लेयर- आयुष बडोनी।
गुजरात टाइटंस- साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, राशिद खान, कगिसो रबाडा, अशोक शर्मा, मोहम्मद सिराज, इम्पैक्ट प्लेयर- प्रसिद्ध कृष्णा।

फैंस का जोश: ‘इस बार ट्रॉफी हमारी’
लखनऊ में फैंस का उत्साह साफ नजर आ रहा है। बड़ी संख्या में दर्शकों के स्टेडियम पहुंचने की उम्मीद है और स्थानीय फैंस का कहना है कि इस बार LSG फाइनल तक जाएगी। LSG मैनेजमेंट भी फैंस को जोड़ने में कोई कसर नहीं छोड़ रहा दर्शकों को कैप, टी-शर्ट और झंडे बांटे जा रहे हैं। वहीं गुजरात के खेमे में शुभमन गिल सबसे ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं।

ट्रैफिक प्लान: शहीद पथ पर सख्ती
मैच के दौरान शहीद पथ पर ट्रैफिक को लेकर विशेष व्यवस्था लागू की गई है। रोडवेज बसों, प्राइवेट बसों और अन्य कॉमर्शियल वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी, जिन्हें अमूल तिराहा और कटाई पुल से डायवर्ट किया जाएगा। निजी कार और टैक्सी को अनुमति रहेगी, लेकिन सख्त नियमों के साथ। सिटी बसें चलेंगी लेकिन हुसड़िया से सुशांत गोल्फ सिटी के बीच कहीं नहीं रुकेंगी। ऑटो और ई-रिक्शा पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे, जबकि कैब सेवाएं भी इस रूट पर सवारी नहीं उठा सकेंगी। पार्किंग के लिए प्लासियो मॉल और वाटर टैंक तिराहे के पास व्यवस्था की गई है। दोपहिया वाहन मॉल के पीछे पार्क किए जाएंगे। अवैध पार्किंग पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

नजरें इस मुकाबले पर टिकीं
पिच, आंकड़े और फॉर्म, तीनों इस मुकाबले को दिलचस्प बना रहे हैं। अब देखना यह है कि इकाना की इस ‘डबल टेस्ट’ पिच पर किस टीम की रणनीति भारी पड़ती है।

Hot this week

Topics

Related Articles

Popular Categories