जंतर-मंतर पहुंच रही देशभर से मदद, कोई भेज रहा खाना तो कोई दवाएं और सैनिटरी पैड्स ऑनलाइन डिलीवरी के जरिए मिल रहा प्रदर्शनकारियों को समर्थन

The Red Ink:

दिल्ली के जंतर-मंतर पर 20 जून से जारी CJP के नेतृत्व वाले छात्र आंदोलन को देश के अलग-अलग राज्यों से लोगों का समर्थन मिल रहा है। जो लोग खुद प्रदर्शन में शामिल नहीं हो पा रहे, वे ऑनलाइन डिलीवरी ऐप्स के जरिए खाने-पीने का सामान, दवाइयां, सैनिटरी पैड्स, पानी और अन्य जरूरी चीजें भेज रहे हैं। पूरे दिन धरनास्थल के बाहर डिलीवरी एजेंट्स की आवाजाही बनी हुई है।

केरल के इंजीनियर ने भेजी राहत सामग्री

जंतर-मंतर पहुंचे एक डिलीवरी एजेंट के जरिए संपर्क करने पर पता चला कि उनका ऑर्डर केरल के सीजो नाम के इंजीनियर ने भेजा था। सीजो ने बताया कि नौकरी की वजह से वह दिल्ली नहीं आ सकते, इसलिए उन्होंने प्रदर्शनकारियों के लिए जूस, चिप्स, नमकीन, ORS, रिलीफ स्प्रे समेत अन्य जरूरी मेडिकल सामान भेजा है। इससे पहले भी वह हजारों रुपये का भोजन प्रदर्शन स्थल पर भिजवा चुके हैं।

हर घंटे पहुंच रहे नए ऑर्डर

अमेजन फ्रेश से जुड़े एक डिलीवरी पार्टनर राजू ने बताया कि जंतर-मंतर के लिए लगातार ऑर्डर आ रहे हैं। उनके अनुसार, स्थानीय डार्क स्टोर से अधिकांश डिलीवरी पार्टनर दिनभर धरनास्थल पर सामान पहुंचाने में लगे हैं। कई बार वे सिर्फ सामान छोड़कर नहीं जाते, बल्कि यह सुनिश्चित भी करते हैं कि राहत सामग्री सही लोगों तक पहुंचे।

उत्तर प्रदेश से भी मिल रहा सहयोग

उत्तर प्रदेश के कुशीनगर निवासी और बीएड के छात्र सत्यानंद ने भी ऑनलाइन ऑर्डर के जरिए प्रदर्शनकारियों तक मदद पहुंचाई। उन्होंने कहा कि छात्र होने के नाते वे आंदोलन कर रहे युवाओं की परेशानियों को समझते हैं। पढ़ाई के कारण दिल्ली नहीं आ सके, लेकिन अपनी क्षमता के अनुसार सहयोग कर रहे हैं।

वॉलंटियर्स संभाल रहे वितरण की जिम्मेदारी

धरनास्थल पर पहुंच रहे सामान को व्यवस्थित तरीके से प्रदर्शनकारियों तक पहुंचाने के लिए स्वयंसेवक भी सक्रिय हैं। अभिषेक और प्रीति जैसे वॉलंटियर्स बैरिकेडिंग से सामान लेकर प्रदर्शन स्थल तक पहुंचाते हैं। उनका कहना है कि पहले कुछ सामान बीच में ही गायब हो जाता था, इसलिए अब पूरी व्यवस्था बनाई गई है ताकि मदद सही जरूरतमंदों तक पहुंचे।

खाने से लेकर मेडिकल और महिलाओं की जरूरत का सामान भी

प्रदर्शन स्थल पर छोले-भटूरे, समोसे, पानी, कोल्ड ड्रिंक और अन्य खाद्य सामग्री लगातार पहुंच रही है। इसके अलावा महिलाओं के लिए सैनिटरी पैड्स, घायलों के लिए मेडिकल किट, ORS, दर्द निवारक स्प्रे और जरूरतमंदों के लिए अलग-अलग आकार की चप्पलें भी भेजी जा रही हैं।

सरकार और CJP के बीच बातचीत पर बनी खींचतान

इस बीच, केंद्र सरकार ने दावा किया है कि पिछले 24 घंटों में CJP को बातचीत के लिए चार बार आमंत्रित किया गया। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह के मुताबिक सरकार किसी भी समय चर्चा के लिए तैयार है। वहीं CJP का कहना है कि बातचीत सरकार को करनी है तो वह जंतर-मंतर आए या किसी तटस्थ स्थान पर बैठक करे। पार्टी ने 24 जुलाई को देशभर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन का भी आह्वान किया है।

Hot this week

‘अब लखनऊ आने के लिए अनुमति नहीं मांगेंगे’, शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद का प्रशासन पर सीधा हमला

The Red Ink: ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने...

Topics

‘अब लखनऊ आने के लिए अनुमति नहीं मांगेंगे’, शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद का प्रशासन पर सीधा हमला

The Red Ink: ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने...

Related Articles

Popular Categories