The Red Ink
ईरान और अमेरिका के बीच तनाव के बीच अब युद्ध खर्च को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने अमेरिका पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि पेंटागन युद्ध में हुए खर्च के आंकड़ों को लेकर सच नहीं बता रहा।
खर्च के आंकड़ों पर विवाद
अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने हाल ही में दावा किया था कि ईरान से जुड़े संघर्ष में अमेरिका का करीब 25 अरब डॉलर खर्च हुआ है। हालांकि, इस दावे को खारिज करते हुए अराग़ची ने कहा कि वास्तविक नुकसान इससे कहीं अधिक है।
ईरान का पलटवार
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रतिक्रिया देते हुए ईरान के विदेश मंत्री ने लिखा, “पेंटागन झूठ बोल रहा है। नेतन्याहू की नीतियों की वजह से अमेरिका को अब तक करीब 100 अरब डॉलर का सीधा नुकसान हुआ है, जो घोषित आंकड़े से चार गुना ज्यादा है।”
आम अमेरिकी पर भी असर का दावा
अराग़ची ने यह भी कहा कि अप्रत्यक्ष खर्च का बोझ अमेरिकी नागरिकों पर पड़ रहा है। उनके अनुसार, हर अमेरिकी परिवार को औसतन हर महीने करीब 500 डॉलर का अतिरिक्त आर्थिक दबाव झेलना पड़ रहा है और यह तेजी से बढ़ रहा है।
‘इजराइल फर्स्ट’ पर टिप्पणी
ईरानी विदेश मंत्री ने अमेरिकी नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि “इजराइल फर्स्ट” की नीति का नतीजा “अमेरिका लास्ट” के रूप में सामने आ रहा है।



