The Red Ink: आईपीएल के शोर के बीच भी ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ का जलवा कम नहीं हुआ है। रिलीज के 17वें दिन भी फिल्म ने शानदार कमाई करते हुए बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखी है और अब 1000 करोड़ क्लब के बेहद करीब पहुंच गई है।
17वें दिन भी जोरदार कमाई
फिल्म ने अपने 17वें दिन घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 25.65 करोड़ रुपये की कमाई की। इसके साथ ही भारत में इसका कुल नेट कलेक्शन बढ़कर 985.02 करोड़ रुपये हो गया है। वहीं, दुनियाभर में फिल्म का कुल ग्रॉस कलेक्शन 1,165.37 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है।
IPL में भी नहीं टूटा क्रेज
आमतौर पर आईपीएल सीजन में फिल्मों की कमाई पर असर पड़ता है, लेकिन ‘धुरंधर 2’ ने इस ट्रेंड को तोड़ दिया है।
फिल्म लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है और दर्शकों का क्रेज बरकरार है।
‘बाहुबली 2’ को भी छोड़ा पीछे
फिल्म ने नॉर्थ अमेरिका में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बनकर एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इसने एसएस राजामौली की ‘बाहुबली 2’ को भी पीछे छोड़ दिया है।
पहले 16 दिनों का प्रदर्शन
पहले हफ्ते में कमाई 674.17 करोड़, दूसरे हफ्ते में कमाई 263.15 करोड़, 16वें दिन कलेक्शन 21.55 करोड़ (15वें दिन से 17.8% ज्यादा) व 11वें दिन सबसे ज्यादा कमाई: 68.10 करोड़ रही है। Sacnilk के आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने अपने पहले पार्ट का 840.20 करोड़ का लाइफटाइम कलेक्शन सिर्फ 11 दिनों में पार कर लिया था। साथ ही दूसरे हफ्ते में इसने ‘जवान’ और ‘KGF Chapter 2’ को भी पीछे छोड़ दिया।
भाषा के हिसाब से कमाई
17वें दिन हिंदी में 13.54 करोड़, तेलुगू में 0.39 करोड़, तमिल में 0.30 करोड़ रही है। फिल्म पूरे देश में 9,979 सिनेमाघरों में दिखाई जा रही है।
क्या है फिल्म की कहानी?
फिल्म की कहानी पंजाबी युवक जसकीरत सिंह रंगी के इर्द-गिर्द घूमती है, जो जेल में बंद होता है। इसके बाद वह RAW के मिशन पर पाकिस्तान जाकर आतंकवाद को खत्म करने की जिम्मेदारी निभाता है, जहां उसकी पहचान ‘हमजा अली मजारी’ के नाम से होती है। फिल्म में 2014 के चुनाव और 2016 की नोटबंदी जैसे मुद्दों को भी दिखाया गया है। यह 3 घंटे 49 मिनट (229 मिनट) लंबी U/A सर्टिफाइड फिल्म है।
स्टारकास्ट और खास बातें
रणवीर सिंह की यह फिल्म उनके करियर की अब तक की सबसे बेहतरीन फिल्मों में मानी जा रही है। संजय दत्त ने SSP चौधरी असलम का किरदार निभाया है, जबकि अर्जुन रामपाल ISI चीफ मेजर इकबाल के रोल में नजर आए हैं।
‘धुरंधर 2’ की रफ्तार अभी थमती नजर नहीं आ रही। 17 दिन बाद भी फिल्म जिस तरह कमाई कर रही है, उससे साफ है कि यह जल्द ही 1000 करोड़ क्लब में एंट्री कर सकती है।




