The Red Ink
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 12वीं के उन छात्रों को बड़ी राहत दी है, जिन्होंने स्कैन की गई उत्तर पुस्तिकाओं में तकनीकी या मूल्यांकन संबंधी त्रुटियों की शिकायत दर्ज कराई थी। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि ऐसे विद्यार्थी अब निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुधार और पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर सकते हैं। CBSE के अनुसार, आवेदन प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित बनाने के लिए पोर्टल पर आधार सत्यापन की व्यवस्था जोड़ी गई है। जिन छात्रों के पास स्वयं का आधार कार्ड उपलब्ध नहीं है, वे अपने माता-पिता, अभिभावक या किसी करीबी रिश्तेदार के आधार नंबर के माध्यम से भी सत्यापन करा सकते हैं। छात्रों की सुविधा के लिए बोर्ड ने एक ट्यूटोरियल वीडियो भी जारी किया है, जिसमें आवेदन की पूरी प्रक्रिया समझाई गई है।
6 जून तक कर सकेंगे आवेदन
बोर्ड ने बताया कि 12वीं कक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन से जुड़ा ऑनलाइन पोर्टल 2 जून से सक्रिय हो चुका है। इच्छुक छात्र 6 जून की रात 12 बजे तक अपनी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं। खास बात यह है कि एक ही आवेदन में छात्र एक से अधिक विषयों और कई तरह की समस्याओं का चयन कर सकते हैं।
किन मामलों में मिलेगा सुधार का अवसर?
CBSE ने उन प्रमुख समस्याओं की सूची भी जारी की है, जिनके लिए छात्र आवेदन कर सकते हैं। इनमें उत्तर पुस्तिका के कुछ पन्नों का गायब होना, मुख्य कॉपी के साथ संलग्न अतिरिक्त शीट्स का स्कैन में न दिखना, मैप या डायग्राम का अनुपस्थित होना तथा पन्नों का धुंधला दिखाई देना शामिल है। इसके अलावा यदि किसी छात्र को गलती से किसी अन्य परीक्षार्थी की स्कैन कॉपी उपलब्ध करा दी गई हो या गलत प्रश्नपत्र सेट के आधार पर मूल्यांकन किया गया हो, तो ऐसे मामलों में भी पुनर्मूल्यांकन का विकल्प दिया गया है।
OSM प्रणाली को लेकर उठा था विवाद
गौरतलब है कि 13 मई को 12वीं बोर्ड परीक्षा के परिणाम घोषित होने के बाद नई ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) प्रणाली को लेकर कई छात्रों और अभिभावकों ने सवाल उठाए थे। उत्तर पुस्तिकाओं के स्कैन और मूल्यांकन प्रक्रिया में कथित खामियों को लेकर शिकायतें सामने आई थीं। इसके बाद 28 मई को केंद्रीय शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan ने इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए छात्रों और अभिभावकों को आश्वस्त किया था कि सामने आई समस्याओं का समाधान किया जाएगा और किसी भी विद्यार्थी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।




