The Red Ink
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने जंतर-मंतर पर जारी छात्र प्रदर्शन को लेकर दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) की ओर से जारी एडवाइजरी पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर विश्वविद्यालय के निर्देश को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि छात्रों को उनके लोकतांत्रिक अधिकारों के इस्तेमाल से नहीं रोका जा सकता।
‘समय आने पर जवाब देना होगा’
राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, “लोकतांत्रिक अधिकारों का इस्तेमाल करने पर छात्रों को धमकाने की आपकी हिम्मत कैसे हुई? याद रखिए, समय आने पर आपको ही इसके लिए जवाबदेह ठहराया जाएगा।” उनके इस बयान के बाद विश्वविद्यालय की एडवाइजरी को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है।
दिल्ली यूनिवर्सिटी ने क्या कहा था?
दिल्ली यूनिवर्सिटी ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर छात्रों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए कहा कि उनकी सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। विश्वविद्यालय ने छात्रों से जंतर-मंतर पर होने वाली किसी भी गैरकानूनी सभा या प्रदर्शन से दूर रहने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि ऐसे आयोजनों में शामिल होने पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।
पढ़ाई और भविष्य पर असर पड़ने की चेतावनी
यूनिवर्सिटी ने अपने संदेश में कहा कि इस तरह की गतिविधियों में शामिल होने से छात्रों की व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरा हो सकता है। इसके अलावा उनकी पढ़ाई और भविष्य के पेशेवर अवसरों पर भी नकारात्मक असर पड़ सकता है। इसलिए छात्रों से कानून का पालन करने और प्रदर्शन से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई।
नीट-यूजी पेपर लीक को लेकर जारी है प्रदर्शन
नीट-यूजी परीक्षा पेपर लीक मामले में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर बड़ी संख्या में छात्र जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे हैं। इस आंदोलन के समर्थन में सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक भी अनशन पर बैठे थे, हालांकि उन्होंने अब अपना अनशन समाप्त कर दिया है।




