The Red Ink
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बाद देश की प्रमुख निजी फ्यूल रिटेल कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल के दाम घटा दिए हैं। कंपनी ने पेट्रोल की कीमत में 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 3 रुपये प्रति लीटर की कटौती की है। नायरा के सभी पेट्रोल पंपों पर नई दरें लागू हो गई हैं।
नायरा के पेट्रोल पंपों पर नई कीमतें लागू
नायरा एनर्जी की ओर से की गई कटौती के बाद अलग-अलग शहरों में पेट्रोल और डीजल के रेट कम हो गए हैं। हालांकि, राज्यों में टैक्स और वैट की दरें अलग-अलग होने के कारण हर शहर में ईंधन की अंतिम कीमतों में अंतर बना रहेगा। भोपाल में नायरा के पेट्रोल की कीमत 119.79 रुपये प्रति लीटर से घटकर 114.79 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं डीजल का दाम 102.57 रुपये प्रति लीटर से कम होकर 99.57 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है।
नायरा एनर्जी के देशभर में 7 हजार से ज्यादा फ्यूल स्टेशन
नायरा एनर्जी देश की बड़ी निजी ईंधन कंपनियों में शामिल है। कंपनी के देशभर में 7 हजार से ज्यादा पेट्रोल पंप हैं। भारतीय फ्यूल रिटेल बाजार में सरकारी कंपनियों का दबदबा है, लेकिन निजी कंपनियों में नायरा की अहम हिस्सेदारी है। कंपनी की बाजार हिस्सेदारी करीब 7 फीसदी बताई जाती है।
कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से मिली राहत
ईंधन की कीमतों में कटौती का बड़ा कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम कम होना माना जा रहा है। हाल के दिनों में क्रूड ऑयल की कीमतें करीब 73 डॉलर प्रति बैरल के स्तर तक आ गई हैं। इससे पहले अमेरिका-ईरान तनाव के चलते कच्चे तेल के दाम 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गए थे, लेकिन तनाव कम होने के बाद कीमतों में गिरावट देखने को मिली।
सरकारी तेल कंपनियों ने नहीं बदले दाम
नायरा एनर्जी की ओर से कटौती के बाद भी सरकारी तेल कंपनियों ने फिलहाल पेट्रोल और डीजल के रेट में बदलाव नहीं किया है। इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC), भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (HPCL) की ओर से मौजूदा कीमतें बरकरार रखी गई हैं।
मई में सरकारी कंपनियों ने बढ़ाए थे दाम
इससे पहले मई में सरकारी तेल कंपनियों ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी का हवाला देते हुए पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए थे। कंपनियों ने अलग-अलग चरणों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब 7.50 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की थी।
नायरा एनर्जी में रोसनेफ्ट की हिस्सेदारी
नायरा एनर्जी एक निजी तेल कंपनी है, जिसमें रूस की ऊर्जा कंपनी रोसनेफ्ट की हिस्सेदारी है। कंपनी गुजरात के वाडिनार में देश की बड़ी सिंगल-साइट रिफाइनरियों में से एक का संचालन करती है। यह रिफाइनरी भारत की कुल रिफाइनिंग क्षमता में करीब 8 फीसदी योगदान देती है।
पेट्रोकेमिकल्स और बायोफ्यूल सेक्टर में बढ़ा रही मौजूदगी
नायरा एनर्जी अब पेट्रोकेमिकल्स और बायोफ्यूल के क्षेत्र में भी विस्तार कर रही है। कंपनी ने अपने कई फ्यूल स्टेशनों पर सोलर पावर सिस्टम लगाए हैं और इथेनॉल से जुड़े प्रोजेक्ट्स पर भी काम कर रही है। पहले नायरा एनर्जी को एस्सार ऑयल के नाम से जाना जाता था।




