The Red Ink
एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत मामले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे केस में नए सवाल खड़े होते जा रहे हैं। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने पूर्व जिला एवं सत्र न्यायाधीश गिरिबाला सिंह से लंबी पूछताछ कर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जवाब तलब किए हैं। जांच एजेंसी विशेष रूप से कथित तौर पर घटनास्थल से जुड़े सबूतों, CCTV फुटेज, डिजिटल रिकॉर्ड और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में दर्ज चोटों के पहलुओं की पड़ताल कर रही है। सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान गिरिबाला सिंह ने घबराहट और एंग्जायटी की शिकायत की। हालांकि, CBI अधिकारियों ने उनसे लगातार सवाल-जवाब जारी रखा और केस से जुड़े विभिन्न तथ्यों पर स्पष्टीकरण मांगा।
FIR में दर्ज आरोपों पर मांगा गया जवाब
CBI ने पूर्व जज से उनके खिलाफ दर्ज FIR में लगाए गए आरोपों को लेकर सीधा जवाब मांगा। जांच एजेंसी यह जानना चाहती है कि शिकायतकर्ता पक्ष द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के बावजूद उनकी भूमिका को सीमित क्यों माना जाए। सूत्रों का कहना है कि एजेंसी ने ट्रायल कोर्ट की कार्यवाही को लेकर भी सवाल किए और पूछा कि केस डायरी, गवाहों के बयान तथा मृतका के परिवार की आपत्तियों पर पर्याप्त विचार क्यों नहीं किया गया। हालांकि गिरिबाला सिंह ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए सभी आरोप आधारहीन हैं। उन्होंने यह संभावना भी जताई कि गर्भपात के बाद मानसिक तनाव और अवसाद की स्थिति में ट्विशा ने कोई आत्मघाती कदम उठाया हो सकता है।
ट्विशा के शरीर पर मिले चोटों के निशानों पर उठे सवाल
CBI ने पूछताछ के दौरान पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और गवाहों के बयानों का हवाला देते हुए मृतका के शरीर पर पाए गए कथित चोटों के निशानों को लेकर भी सवाल किए। जांचकर्ताओं ने जानना चाहा कि शरीर पर मौजूद चोटें किन परिस्थितियों में आईं और क्या उस समय परिवार के सदस्य मौके पर मौजूद थे। एजेंसी ने यह भी पूछा कि क्या ये चोटें सामान्य परिस्थितियों में शव को संभालने की प्रक्रिया से मेल खाती हैं। सूत्रों के मुताबिक, इस विषय पर पूछे गए कई सवालों के दौरान गिरिबाला सिंह ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया और कई बार चुप्पी साधे रखी।
डिजिटल सबूत बने जांच का केंद्र
मामले में डिजिटल साक्ष्य अब जांच का सबसे अहम हिस्सा बन गए हैं। CBI ने व्हाट्सएप चैट, इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल डेटा के आधार पर कई सवाल पूछे। जांच एजेंसी ने ट्विशा शर्मा और उनके ससुराल पक्ष के बीच संबंधों, कथित विवादों, मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना के आरोपों तथा गर्भावस्था से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत जानकारी मांगी। सूत्रों के अनुसार, जांचकर्ता यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या मृतका पर किसी प्रकार का दबाव बनाया गया था और उसके पीछे क्या परिस्थितियां थीं।
कई नोटिस के बावजूद देरी से पेश होने पर भी सवाल
CBI ने पूर्व जज से यह भी पूछा कि जांच में सहयोग के लिए भेजे गए कई नोटिसों के बावजूद वह समय पर पूछताछ के लिए क्यों उपस्थित नहीं हुईं। एजेंसी ने यह स्पष्ट करने को कहा कि क्या जांच से दूरी बनाए रखने की कोई वजह थी या फिर किसी दस्तावेज, रिकॉर्ड या अन्य साक्ष्य को छिपाने की कोशिश की गई थी। गिरिबाला सिंह ने जांच एजेंसी के सामने किसी भी तरह के साक्ष्य से छेड़छाड़ या उन्हें छिपाने के आरोपों को पूरी तरह नकार दिया।
CCTV फुटेज और वकीलों की भूमिका पर पूछताछ
पूछताछ का एक अहम हिस्सा घटनास्थल और उससे जुड़े CCTV फुटेज को लेकर रहा। CBI ने कथित तौर पर पार्लर के CCTV रिकॉर्ड निकालते दिखाई दिए तीन वकीलों की मौजूदगी पर सवाल उठाए। एजेंसी ने पूछा कि इन लोगों को वहां किसने भेजा था और उनका उद्देश्य क्या था। जांचकर्ता यह भी जानना चाहते हैं कि डिजिटल रिकॉर्ड सुरक्षित किए जा रहे थे या फिर उनके साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़ की आशंका थी। इसके अलावा, घटनास्थल की स्थिति में संभावित बदलाव, पुलिस को सूचना देने में देरी और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड जुटाने की प्रक्रिया को भी जांच के दायरे में रखा गया है।
CBI कर रही है डिजिटल और तकनीकी साक्ष्यों का मिलान
सूत्रों के मुताबिक, CBI अब गवाहों के बयान, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), CCTV फुटेज, मोबाइल डेटा और पूछताछ के दौरान दिए गए जवाबों का आपस में मिलान कर रही है। जांच एजेंसी का मानना है कि इन सभी तथ्यों की पड़ताल से यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटना के बाद किसी ने जांच को प्रभावित करने या साक्ष्यों की दिशा बदलने की कोशिश की थी या नहीं।
12 मई को हुई थी ट्विशा शर्मा की मौत
गौरतलब है कि 12 मई की रात भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में अभिनेत्री ट्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या का मामला बता रहा है, जबकि मृतका के परिजनों ने पति और ससुराल पक्ष पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। मामला अब CBI जांच के दायरे में है और एजेंसी हर पहलू की गहन जांच कर रही है।




