The Red Ink
उत्तर प्रदेश के अमेठी में समाजवादी पार्टी की विधायक Maharaji Prajapati के आवास पर मंगलवार रात जमकर हंगामा हुआ। लाठी-डंडों से लैस दर्जनों नकाबपोश लोगों ने घर पहुंचकर गाली-गलौज की, तोड़फोड़ की और विधायक के भतीजे की पिटाई कर दी। मामले के पीछे सोशल मीडिया पर हुई तीखी बयानबाजी को वजह माना जा रहा है।
30 से ज्यादा लोग पहुंचे विधायक आवास
जानकारी के मुताबिक रात करीब 8 बजे दो स्कॉर्पियो और कई बाइक से 30-35 लोग आवास विकास कॉलोनी स्थित विधायक आवास पहुंचे। आरोप है कि सभी लोग विधायक समर्थक धीरज पाल को खोज रहे थे। कार्यालय बंद मिलने के बाद भीड़ ने घर के बाहर हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान विधायक और उनके परिवार के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां की गईं।
विरोध करने पर भतीजे की पिटाई
जब विधायक के भतीजे सुरेंद्र प्रजापति ने लोगों को शांत कराने की कोशिश की तो हमलावरों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आए कर्मचारियों को भी पीटा गया। परिजनों का आरोप है कि हमलावरों ने मोबाइल फोन भी छीन लिए और धमकी दी कि शिकायत करने पर विधायक को “काट डालेंगे।”
करीब एक घंटे तक चला हंगामा
घटना के दौरान इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर विधायक के बेटे अनुराग प्रजापति समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने मामले में 11 नामजद और करीब 24 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
सोशल मीडिया पोस्ट से शुरू हुआ विवाद
पुलिस जांच में सामने आया है कि सपा नेता शेर बहादुर यादव ने सोशल मीडिया पर विधायक को लेकर आपत्तिजनक पोस्ट की थी। इसके जवाब में विधायक समर्थक धीरज पाल ने भी तीखी टिप्पणी कर दी। इसी विवाद के बाद माहौल गरमा गया और देर रात विधायक आवास पर हमला हो गया।
CCTV से हुई पहचान
सुरेंद्र प्रजापति ने बताया कि हमलावरों में कई लोगों की पहचान सीसीटीवी फुटेज से हुई है। इसी आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बाकी आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
अखिलेश यादव को दी गई जानकारी
विधायक के बेटे अनुराग प्रजापति ने बताया कि पूरे मामले की जानकारी Akhilesh Yadav को दे दी गई है। परिवार जल्द ही मुख्यमंत्री Yogi Adityanath से मिलकर भी कार्रवाई की मांग करेगा।
कौन हैं गायत्री और महाराजी प्रजापति?
पूर्व मंत्री Gayatri Prasad Prajapati फिलहाल दुष्कर्म मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे हैं। उन पर अवैध खनन और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले भी चल रहे हैं। वहीं उनकी पत्नी महाराजी प्रजापति अमेठी से सपा विधायक हैं और पिछले कुछ समय से उनकी भाजपा नेताओं से बढ़ती नजदीकियों को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं होती रही हैं।




