The Red Ink
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोल-डीजल बचाने की अपील का असर अब नेताओं की लाइफस्टाइल पर भी दिखने लगा है। उत्तर प्रदेश में भाजपा सांसद और विधायक लग्जरी गाड़ियों के काफिलों से दूरी बनाकर वैकल्पिक साधनों का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसी बीच भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह के सांसद बेटे करण भूषण सिंह ने तीन मिनी बसें खरीदकर राजनीति में नया संदेश देने की कोशिश की है। उन्होंने इन बसों का नाम ‘हनुमान रथ’ रखा है और अब खुद इन्हें चलाकर कार्यक्रमों में पहुंच रहे हैं।
70 लाख में खरीदीं 3 मिनी बसें
कैसरगंज सांसद करण भूषण सिंह ने करीब 70 लाख रुपए खर्च कर तीन मिनी बसें खरीदी हैं। इन बसों को उन्होंने ‘हनुमान रथ’ नाम दिया है। अब वह अपने गनर, स्टाफ और सहयोगियों के साथ इन्हीं बसों से कार्यक्रमों में पहुंच रहे हैं। खास बात यह है कि कई मौकों पर करण खुद बस की ड्राइविंग सीट संभालते नजर आए। पहले करण भूषण सिंह के काफिले में लैंड क्रूजर, तीन फॉर्च्यूनर और एंडेवर जैसी लग्जरी गाड़ियां शामिल रहती थीं, लेकिन अब उन्होंने सादगी और ऊर्जा बचत का संदेश देने के लिए यह नया तरीका अपनाया है।
बृजभूषण और दूसरे विधायक भी बदलेंगे अंदाज
सूत्रों के मुताबिक अब भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह और परिवार के दूसरे विधायक भी बड़े काफिलों की बजाय सीमित वाहनों में चलने की तैयारी कर रहे हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में यह बदलाव प्रदेश की राजनीति में एक नई ट्रेंड की तरह देखा जा सकता है।
पीएम मोदी की अपील के बाद बदली तस्वीर
हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने की अपील की थी। इसके बाद योगी सरकार ने भी ऊर्जा संरक्षण को लेकर कई बड़े फैसले लागू किए। सरकार ने मंत्रियों, विधायकों और अफसरों के काफिले में 50 फीसदी कटौती का फैसला लिया है। साथ ही सप्ताह में एक दिन सार्वजनिक परिवहन या बस-मेट्रो से यात्रा करने की सलाह भी दी गई है। सरकार ने यह भी तय किया है कि अधिकतर सरकारी मीटिंग, सेमिनार और कॉन्फ्रेंस अब वर्चुअल मोड में आयोजित की जाएंगी, ताकि ईंधन की बचत हो सके।
कोई ई-रिक्शा से पहुंचा, कोई तांगे पर निकला
ऊर्जा बचत अभियान का असर प्रदेश के कई नेताओं पर दिखाई दे रहा है। एटा से भाजपा विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी ई-रिक्शा से पार्टी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहन भविष्य की जरूरत हैं और इससे आम लोगों का खर्च भी कम होगा। वहीं बिजनौर से भाजपा विधायक अशोक कुमार राणा ने तांगा से सफर शुरू कर दिया है। उनका कहना है कि तांगा पर्यावरण के लिए सुरक्षित और आम जनता के लिए किफायती साधन है। भदोही से भाजपा सांसद डॉ. विनोद बिंद भी ई-रिक्शा से अस्पताल पहुंचे और लोगों से छोटी दूरी के लिए वैकल्पिक साधनों के इस्तेमाल की अपील की।
मंत्री दानिश आजाद ने छोड़ी सरकारी फ्लीट
इस अभियान के तहत यूपी सरकार के मंत्री दानिश आजाद भी चर्चा में रहे। वह अपनी सरकारी फ्लीट छोड़कर बुलेट बाइक से सचिवालय पहुंचे थे। वहीं भाजपा सांसद रवि किशन ने कुशीनगर सांसद विजय दुबे के साथ इलेक्ट्रिक कार में कार पूलिंग कर यात्रा की। उत्तर प्रदेश में नेताओं के बदलते सफर के तरीके अब सिर्फ राजनीतिक संदेश नहीं, बल्कि ऊर्जा बचत और पर्यावरण संरक्षण के अभियान का हिस्सा बनते नजर आ रहे हैं।




