बंगाल में सियासी हत्या से सनसनी: सुवेंदु अधिकारी के PA को गोलियों से भूना, प्रोफेशनल अटैक की आशंका

The Red Ink
पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद जारी तनाव के बीच एक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट चंद्रनाथ रथ की मध्यमग्राम में गोली मारकर हत्या कर दी गई। जिस तरह से हमला अंजाम दिया गया, उसने इसे साधारण आपराधिक घटना से ज्यादा एक सुनियोजित साजिश बना दिया है।

रास्ता रोककर की गई ताबड़तोड़ फायरिंग
घटना बुधवार रात करीब 10:30 बजे की है। चंद्रनाथ रथ कोलकाता से अपने घर लौट रहे थे और स्कॉर्पियो में फ्रंट सीट पर बैठे थे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, डोलतला और मध्यमग्राम के बीच एक कार ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर सामने रोक लिया। इसी दौरान एक बाइक सवार हमलावर बाईं ओर से आया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि 6 से 10 राउंड गोलियां चलाई गईं। चंद्रनाथ को कई गोलियां लगीं, जिनमें दो सीने के आर-पार हो गईं, जबकि एक पेट में धंसी। ड्राइवर भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रोफेशनल शूटर्स पर शक, मॉडर्न हथियार का इस्तेमाल
फोरेंसिक टीम के शुरुआती इनपुट में सामने आया है कि हमलावरों ने अत्याधुनिक पिस्टल का इस्तेमाल किया। जिस सटीकता और तरीके से हमला किया गया, उससे प्रोफेशनल शूटर्स की भूमिका की आशंका जताई जा रही है। हमलावर हेलमेट पहने हुए था और जिस बाइक का इस्तेमाल हुआ, उस पर नंबर प्लेट नहीं थी। वहीं, जिस कार से रास्ता रोका गया, उसकी नंबर प्लेट फर्जी निकली।

हमले के बाद फरार, अस्पताल में मौत
फायरिंग के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। चंद्रनाथ और घायल ड्राइवर को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चंद्रनाथ को मृत घोषित कर दिया। इस घटना के करीब एक घंटे बाद ही राज्य के एक अन्य इलाके में एक भाजपा कार्यकर्ता पर भी हमला होने की खबर सामने आई, जिससे हालात की गंभीरता और बढ़ गई है।

‘रेकी के बाद हुआ हमला’—सुवेंदु अधिकारी
भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने इस हत्या को पूरी तरह सुनियोजित बताया है। उनका कहना है कि हमले से पहले कई दिनों तक रेकी की गई थी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

TMC ने आरोप नकारे, CBI जांच की मांग
तृणमूल कांग्रेस ने इस मामले में अपने कार्यकर्ताओं की संलिप्तता से इनकार किया है। पार्टी ने बयान जारी कर घटना की निंदा की और कोर्ट की निगरानी में CBI जांच की मांग की है।

जांच में जुटीं कई एजेंसियां
घटना के बाद पुलिस, CID, फोरेंसिक टीम और SIT को जांच में लगाया गया है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेने की भी बात सामने आई है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

परिवार की अपील—दोषियों को मिले सख्त सजा
मृतक की मां ने भावुक अपील करते हुए कहा कि दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए, लेकिन वे फांसी नहीं चाहतीं, बल्कि उम्रकैद की सजा दी जाए। परिवार के अन्य सदस्यों ने भी इस हत्या को साजिश करार देते हुए न्याय की मांग की है।

चुनाव बाद हिंसा ने बढ़ाई चिंता
4 मई को आए चुनावी नतीजों के बाद राज्य में हिंसा की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। अलग-अलग घटनाओं में कई लोगों की जान जा चुकी है, जिससे कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

Hot this week

Topics

Related Articles

Popular Categories