लखनऊ का बदला मौसम: रात में तूफान-बिजली, दिन में राहत; पेड़ गिरने से 2 युवकों की

The Red Ink
लखनऊ में मौसम ने अचानक करवट ली है। रात में तेज आंधी और बारिश ने शहर को झकझोर दिया, तो वहीं दिन निकलते ही आसमान साफ नजर आया। पिछले पांच दिनों में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, इस बदले मौसम के बीच एक दर्दनाक हादसे में दो युवकों की जान चली गई।

रात में तूफान, कई इलाकों में बिजली गुल
गुरुवार रात करीब साढ़े नौ बजे तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई। गरज-चमक के बीच आई इस आंधी ने शहर के कई हिस्सों की बिजली व्यवस्था को प्रभावित कर दिया। आलमबाग, कृष्णानगर, मोहनलालगंज, खदरा, बीकेटी और फैजुल्लागंज जैसे इलाकों में बिजली ठप रही। शहरी क्षेत्रों में कुछ देर में सप्लाई बहाल हो गई, ग्रामीण इलाकों में कई जगह 10 घंटे से ज्यादा कटौती झेलनी पड़ी। रैठा रोड इलाके में अंडरग्राउंड केबल फॉल्ट के चलते अतिरिक्त परेशानी हुई, जिससे स्थानीय लोग रातभर प्रभावित रहे।

5 दिन में 11 डिग्री से ज्यादा गिरा तापमान
मौसम में आए बदलाव का असर तापमान पर भी साफ दिखा। 26 अप्रैल को अधिकतम तापमान 43°C था। अब यह गिरकर करीब 31-32°C के आसपास पहुंच गया। यानी महज 5 दिनों में करीब 11.3°C की गिरावट, शुक्रवार को मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने का अनुमान है, अधिकतम तापमान 36°C के आसपास रह सकता है, जबकि न्यूनतम 23°C रहने की संभावना है।

पेड़ गिरने से दो युवकों की मौत
मौसम की इस हलचल के बीच एक दुखद हादसा भी सामने आया। कैंट इलाके में दिलकुशा के पास बाइक सवार दो युवकों पर अचानक पेड़ गिर गया। दोनों युवक रेडियोथेरेपी टेक्नीशियन थे ड्यूटी के लिए अस्पताल जा रहे थे। गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पेड़ पहले ही आंधी में कमजोर हो चुका था और सुबह अचानक गिर गया।

ग्रामीण इलाकों में लंबा पावर कट
तूफान का असर सिर्फ शहर तक सीमित नहीं रहा। आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी बिजली व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई। कई पावर हाउस से सप्लाई घंटों बंद रही, कुछ जगहों पर सुबह तक भी बिजली पूरी तरह बहाल नहीं हो सकी, कम वोल्टेज की समस्या भी देखने को मिली इससे हजारों लोग गर्मी और अंधेरे में परेशान रहे।

4-5 मई को फिर बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में फिर बदलाव देखने को मिलेगा। 4 और 5 मई को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, 40-60 किमी/घंटा की रफ्तार से आंधी चल सकती है, बारिश और बिजली गिरने की भी संभावना।

फिलहाल लू से राहत
लगातार गिरते तापमान के चलते लखनऊ समेत पूरे उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू से राहत मिली है। तेज हवाओं और हल्की बारिश ने मौसम को फिलहाल सुहावना बना दिया है। लखनऊ में मौसम का यह उतार-चढ़ाव राहत और खतरे—दोनों साथ लेकर आया है। जहां एक ओर गर्मी से राहत मिली है, वहीं तेज आंधी-तूफान ने जनजीवन को प्रभावित किया है। आने वाले दिनों में मौसम के और करवट लेने के संकेत हैं, ऐसे में सतर्क रहना जरूरी है।

Hot this week

Topics

Related Articles

Popular Categories