BBAU में छात्रा की मौत के बाद बवाल: VC आवास का गेट तोड़कर घुसे छात्र, रातभर हंगामा—इस्तीफे की मांग तेज

The Red Ink
Babasaheb Bhimrao Ambedkar University (BBAU), Lucknow में एक छात्रा की मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। मंगलवार देर रात हजारों छात्र VC आवास के बाहर जुटे और गेट तोड़कर अंदर घुस गए। छात्रों का आरोप है कि हॉस्टल के खराब खाने से फूड पॉइजनिंग हुई, जिसकी वजह से छात्रा की जान चली गई।

आधी रात को फूटा गुस्सा, VC आवास पर हंगामा
मंगलवार रात अचानक बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं कुलपति प्रो. आरके मित्तल से मिलने के लिए उनके आवास पहुंचे। जब सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें रोका, तो भीड़ उग्र हो गई और बंद गेट को जबरन खोलकर अंदर घुस गई। हालांकि, उस समय VC आवास पर मौजूद नहीं थे।

छात्रा की मौत से भड़का आक्रोश
इंटीग्रेटेड बेसिक साइंस की प्रथम वर्ष की छात्रा अनामिका सिंह की मौत के बाद यह विरोध प्रदर्शन शुरू हुआ। छात्रों का कहना है कि हॉस्टल का खाना खाने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ी थी। इलाज के लिए वह वाराणसी गई थीं, जहां 5 दिन बाद उनकी मौत हो गई।

‘मेस के खाने में कीड़े, शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं’
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। एक छात्रा ने बताया कि मेस के खाने में अक्सर गंदगी और कीड़े मिलते हैं, लेकिन बार-बार शिकायत के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई। छात्रों का कहना है कि यह सिर्फ लापरवाही नहीं, बल्कि संस्थागत विफलता है।

लाठीचार्ज के आरोप, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
छात्राओं ने आरोप लगाया कि विरोध के दौरान पुरुष सुरक्षा गार्डों ने लाठीचार्ज किया। इस घटना के बाद कैंपस में महिला पुलिस बल भी तैनात किया गया है और VC आवास के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

‘जब तक VC बात नहीं करेंगे, आंदोलन जारी रहेगा’
छात्रों का कहना है कि विश्वविद्यालय प्रशासन का कोई भी वरिष्ठ अधिकारी अब तक उनसे बात करने नहीं आया है। प्रदर्शनकारी छात्रों ने चेतावनी दी है कि जब तक कुलपति खुद सामने आकर जवाब नहीं देते, उनका धरना जारी रहेगा।

पानी और सुविधाओं पर भी उठे सवाल
छात्रों ने केवल खाने ही नहीं, बल्कि कैंपस के पानी की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि पिछले कई महीनों से प्रशासन को शिकायतें दी जा रही थीं, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

प्रशासन का जवाब जल्द
यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से प्रवक्ता डॉ. रचना गंगवार ने कहा कि कुलपति कैंपस में लौट आए हैं और जल्द ही इस पूरे मामले पर आधिकारिक बयान जारी किया जाएगा।

Hot this week

ममता के सबसे भरोसेमंद साथी फिरहाद हकीम का इस्तीफा, TMC संकट और गहराया

The Red Ink पश्चिम बंगाल की राजनीति में तृणमूल कांग्रेस...

Topics

ममता के सबसे भरोसेमंद साथी फिरहाद हकीम का इस्तीफा, TMC संकट और गहराया

The Red Ink पश्चिम बंगाल की राजनीति में तृणमूल कांग्रेस...

Related Articles

Popular Categories