The Red Ink: इकाना में खेले गए मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 40 रन से हराकर मैच के साथ रिकॉर्ड्स की भी झड़ी लगा दी। वैभव सूर्यवंशी की ऐतिहासिक उपलब्धि, जडेजा का कमाल और आर्चर का रिकॉर्ड सब कुछ इस मैच को खास बना गया।
वैभव ने तोड़ा रिकॉर्ड, सबसे तेज 500 रन
वैभव सूर्यवंशी ने IPL में सबसे तेज 500 रन पूरे कर नया रिकॉर्ड बना दिया। उन्होंने महज 227 गेंदों में यह मुकाम हासिल किया और ग्लेन मैक्सवेल के 260 गेंदों वाले पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। हालांकि इस मैच में उनका बल्ला ज्यादा नहीं चला और वे 11 गेंदों में सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हो गए।
जडेजा का जलवा जारी, 17वीं बार POTM
रवींद्र जडेजा ने एक बार फिर ऑलराउंड प्रदर्शन से मैच अपने नाम कर लिया और IPL में 17वीं बार प्लेयर ऑफ द मैच बने। दिलचस्प बात यह रही कि लंबे समय बाद उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के अलावा किसी दूसरी टीम के लिए यह अवॉर्ड जीता। भारतीय खिलाड़ियों में उनसे आगे सिर्फ रोहित शर्मा (21), विराट कोहली (19) और एमएस धोनी (18) हैं।
लखनऊ की घर में हार का सिलसिला जारी
लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए यह हार और भी दर्दनाक रही, क्योंकि टीम को अपने होम ग्राउंड पर लगातार 7वीं बार हार का सामना करना पड़ा। IPL इतिहास में यह आंकड़ा सबसे खराब होम रिकॉर्ड्स में शामिल हो गया है।
आर्चर बने RR के सबसे बड़े विकेट टेकर
जोफ्रा आर्चर ने राजस्थान के लिए नया इतिहास रच दिया। अब उनके नाम 68 विकेट हो चुके हैं, जिससे उन्होंने युजवेंद्र चहल और सिद्धार्थ त्रिवेदी को पीछे छोड़ दिया।
मैच के टॉप मोमेंट्स:-
1. पंत का ‘सुपरमैन’ कैच
ऋषभ पंत ने विकेट के पीछे हवा में उछलकर एक हाथ से कमाल का कैच पकड़ा, जिसने मैच का रुख बदल दिया।
2. मोहसिन का विकेट-मेडेन
मोहसिन खान ने वैभव को आउट करते हुए शानदार मेडेन ओवर डाला।
3. गोयनका का रिएक्शन वायरल
वैभव के आउट होते ही LSG के मालिक संजीव गोयनका ने जेब से भगवान की तस्वीर निकालकर माथे से लगाई—यह मोमेंट सोशल मीडिया पर छा गया।
4. रनआउट का ड्रामा
जडेजा और डोनोवन फरेरा के बीच कन्फ्यूजन में रनआउट का मौका बना, लेकिन पंत की हल्की सी चूक से बल्लेबाज बच गया।
5. आखिरी ओवर में जडेजा का हमला
जडेजा ने अंतिम ओवर में 20 रन ठोकते हुए टीम को 159/6 तक पहुंचाया, जिसमें आखिरी गेंद पर छक्का शामिल था।
6. आयुष का जीरो पर रनआउट
पहले ही ओवर में आयुष बडोनी रनआउट हो गए, जिससे लखनऊ की शुरुआत बिगड़ गई।
7. जडेजा का ‘जेब वाला’ सेलिब्रेशन
निकोलस पूरन का विकेट लेने के बाद जडेजा ने अनोखे अंदाज में जश्न मनाया, हाथ जेब में डालकर इशारा किया कि बल्लेबाज उनकी ‘जेब में’ है।
8. हिम्मत का पहला सिक्स, बिश्नोई का स्टाइल
हिम्मत सिंह ने IPL का पहला छक्का जड़ा, लेकिन जल्द ही रवि बिश्नोई ने उन्हें बोल्ड कर ‘नोटबुक’ सेलिब्रेशन किया।
9. मार्श की फिफ्टी और तुरंत आउट
मिचेल मार्श ने छक्के से अर्धशतक पूरा किया, लेकिन अगली ही गेंदों में आउट हो गए।




