The Red Ink
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को पश्चिम बंगाल की तीन विधानसभा सीटों पर चुनाव प्रचार के दौरान तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। जोरासांको, उदयनारायणपुर और चकदहा में हुई रैलियों में योगी ने कांग्रेस, वामपंथी दलों और टीएमसी पर बंगाल को “कंगाल बनाने” का आरोप लगाया।
टीएमसी के गुंडों का जवाब सिर्फ कमल
हावड़ा के उदयनारायणपुर में योगी ने आरोप लगाया कि टीएमसी कार्यकर्ता भाजपा की रैली रोकने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने कहा कि टेंट और माइक तक पहुंचने नहीं दिया गया। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा 4 मई के बाद टीएमसी की “उल्टी गिनती” शुरू हो जाएगी और जनता को इसका जवाब “कमल के फूल” से देना होगा।
काबा नहीं, मां काली है बंगाल की पहचान
जोरासांको की सभा में योगी ने पहचान की राजनीति को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि बंगाल की असली पहचान उसकी संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत है। उनका बयान साफ था “बंगाल के दिल में मां काली और आंखों में बेलूर मठ है,” और इसे बदलने की कोशिशों पर निशाना साधते हुए उन्होंने सत्तारूढ़ दल पर हमला बोला।
राम नाम से चिढ़, गुंडा टैक्स का राज
सीएम योगी ने आरोप लगाया कि राज्य में धार्मिक आयोजनों पर रोक लगाई जाती है और शोभायात्राओं की अनुमति नहीं मिलती। उन्होंने कहा कि टीएमसी शासन में “गुंडा टैक्स” वसूली का माहौल है। साथ ही यूपी का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां अब कानून व्यवस्था मजबूत है और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई होती है।
‘बुलडोजर नीति’ का भी जिक्र
योगी ने अपने भाषण में यूपी की ‘बुलडोजर कार्रवाई’ का हवाला देते हुए कहा कि अपराधियों और माफिया के खिलाफ सख्ती से ही व्यवस्था सुधरती है। उन्होंने दावा किया कि यूपी में अब अवैध कब्जों से जमीन छुड़ाकर गरीबों को दी जा रही है।
रिजल्ट के बाद बदलेगा बंगाल का चेहरा
नदिया के चकदहा में रैली के दौरान योगी ने कहा कि चुनाव परिणाम के बाद बंगाल “सोनार बांग्ला” की ओर लौटेगा। उन्होंने मतदाताओं से “अस्मिता बचाने” और लोकतांत्रिक ताकत का इस्तेमाल करने की अपील की।
‘नो कर्फ्यू, नो दंगा’ का नारा
योगी ने यूपी मॉडल का जिक्र करते हुए कहा कि 2017 से पहले वहां भी हालात खराब थे, लेकिन अब “नो कर्फ्यू, नो दंगा” की स्थिति है। उन्होंने दावा किया कि यूपी में लंबे समय से कोई बड़ा दंगा नहीं हुआ और त्योहार शांतिपूर्वक मनाए जाते हैं।
कानून-व्यवस्था और सुरक्षा पर फोकस
अपने भाषण में उन्होंने महिला सुरक्षा, किसानों की स्थिति और विकास कार्यों का भी जिक्र किया। साथ ही कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई से ही समाज में भरोसा पैदा होता है।




