The Red Ink
उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने रविवार देर रात एक बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए नौकरशाही में व्यापक फेरबदल कर दिया। एक ही आदेश में 40 IAS अधिकारियों का तबादला किया गया, जिसमें 15 जिलों के जिलाधिकारियों को बदलना सबसे अहम कदम रहा। इस बदलाव को राज्य की प्रशासनिक मशीनरी में नई ऊर्जा और नियंत्रण के रूप में देखा जा रहा है।
मनीष बंसल को आगरा की जिम्मेदारी
इस फेरबदल में प्रमुख नाम Manish Bansal का है, जिन्हें आगरा का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। वे मुख्य निर्वाचन आयुक्त Gyanesh Kumar के दामाद हैं और नोएडा की जिलाधिकारी Medha Rupam के पति भी हैं।
15 जिलों में नए जिलाधिकारी तैनात
सरकार ने जिन जिलों में नए डीएम तैनात किए हैं, उनमें सुल्तानपुर में इंद्रजीत सिंह, श्रावस्ती में अन्नपूर्णा गर्ग, बुलंदशहर में कुमार हर्ष और शामली में आलोक यादव को जिम्मेदारी दी गई है। इसी तरह सहारनपुर में अरविंद कुमार चौहान, अमरोहा में नितिन गौड़, हमीरपुर में अभिषेक गोयल और रायबरेली में सरनीत कौर ब्रोका को जिलाधिकारी बनाया गया है। फतेहपुर में निधि गुप्ता वत्स, उन्नाव में घनश्याम मीणा, लखीमपुर खीरी में अंजमी कुमार सिंह और मैनपुरी में इंद्रमणि त्रिपाठी को नई तैनाती मिली है। इसके अलावा औरैया में बृजेश कुमार, झांसी में गौरांग राठी और आगरा में मनीष बंसल को कमान सौंपी गई है।
सीडीओ, कमिश्नर और सचिव स्तर पर भी बदलाव
इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल में सिर्फ जिलाधिकारी ही नहीं, बल्कि 5 जिलों के मुख्य विकास अधिकारियों (CDO) के साथ-साथ परिवहन आयुक्त और दो कमिश्नरों के भी तबादले किए गए हैं। इसके अलावा 1 प्रमुख सचिव और 4 विशेष सचिव स्तर के अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया गया है, जिससे शासन स्तर पर भी व्यापक असर देखने को मिलेगा।
वरिष्ठ अधिकारियों को नई अहम जिम्मेदारियां
सरकार ने कुछ वरिष्ठ अधिकारियों को महत्वपूर्ण पदों पर नई जिम्मेदारी भी सौंपी है। Arvind Mallappa Bangari को मुख्यमंत्री का विशेष सचिव बनाया गया है। वहीं Nitish Kumar को उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। Shruti को दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, आगरा का एमडी बनाया गया है। इसी क्रम में Ashutosh Niranjan को परिवहन आयुक्त, Kinjal Singh को माध्यमिक शिक्षा की सचिव और Durga Shakti Nagpal को देवीपाटन मंडल की आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई है।




