अभी सस्ता पेट्रोल एंजॉय कर लो’: ईरान की US को मैथमैटिकल वार्निंग

The Red Ink: ट्रंप के नौसैनिक ब्लॉकेड ऐलान पर तेहरान का जवाब- गैस कीमतों की तस्वीर के साथ दिया संदेश, ‘आज के दाम याद आएंगे’

तेहरान/वॉशिंगटन टकराव के बीच अनोखा ‘समीकरण युद्ध’
अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच एक दिलचस्प लेकिन गंभीर मोड़ सामने आया है। ईरान की संसद के स्पीकर Mohammad Bagher Ghalibaf ने अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump की हॉरमुज़ (जलडमरूमध्य) पर ब्लॉकेड की चेतावनी का जवाब एक गणितीय समीकरण के जरिए दिया।

गैस कीमतों के साथ चेतावनी: “इन दामों को एंजॉय कर लो”
गालिबाफ़ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर व्हाइट हाउस के पास पेट्रोल की मौजूदा कीमतों की तस्वीर साझा करते हुए अमेरिकी नागरिकों को चेतावनी दी। उन्होंने लिखा- “मौजूदा कीमतों का आनंद ले लीजिए क्योंकि इस तथाकथित ब्लॉकेड के बाद आपको 4-5 डॉलर प्रति गैलन की कीमतें भी सस्ती लगेंगी।”

mathematical warning of iran

समीकरण से दिया बड़ा संदेश
गालिबाफ़ ने अपने पोस्ट में एक गणितीय फॉर्मूला भी साझा किया: ΔO_BSOH > 0 ⇒ f(f(O)) > f(O), इस समीकरण के जरिए उन्होंने संकेत दिया कि अगर हॉरमुज़ स्ट्रेट पर ब्लॉकेड की गंभीरता बढ़ती है, तो तेल की कीमतें सामान्य तरीके से नहीं, बल्कि तेजी से और कई गुना बढ़ेंगी। सोशल मीडिया यूजर्स के मुताबिक इसका मतलब है- सप्लाई कम होगी, कीमतें बढ़ेंगी और फिर उस बढ़ोतरी पर भी नई बढ़ोतरी होगी यानी असर सीधा नहीं, बल्कि “कंपाउंड” तरीके से पड़ेगा।

ट्रंप का ऐलान: हॉरमुज़ पर सख्त कदम
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐलान किया था कि पाकिस्तान में हुई युद्धविराम वार्ता के बिना किसी समझौते के खत्म होने के बाद अमेरिकी नौसेना हॉरमुज़ जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही पर ब्लॉकेड शुरू करेगी। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के मुताबिक यह ब्लॉकेड सोमवार शाम (ईरान समय) से लागू किया जाएगा। यह कार्रवाई ईरानी बंदरगाहों की ओर आने-जाने वाले सभी जहाजों पर लागू होगी, हालांकि गैर-ईरानी बंदरगाहों के बीच चलने वाले जहाजों को स्ट्रेट से गुजरने की अनुमति रहेगी।

तेल बाजार में हलचल: 100 डॉलर के पार कीमतें
ब्लॉकेड की घोषणा का असर वैश्विक बाजार पर तुरंत दिखा। WTI क्रूड की कीमत करीब 8% बढ़कर $104.50 प्रति बैरल पहुंच गई, ब्रेंट क्रूड भी 7% उछलकर $102 प्रति बैरल तक पहुंच गया। एशियाई शेयर बाजारों में भी इसका असर दिखा दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स शुरुआती कारोबार में 2% गिरा, जापान का निक्केई भी 0.3% नीचे रहा।

इस्लामाबाद वार्ता बेनतीजा, बढ़ी अनिश्चितता
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच हुई वार्ता भी किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी। अमेरिका की ओर से उपराष्ट्रपति JD Vance वार्ता का नेतृत्व कर रहे थे, जबकि ईरान की तरफ से खुद गालिबाफ़ शामिल थे। ईरान ने इन बातचीतों को “गंभीर और चुनौतीपूर्ण” बताया लेकिन किसी ठोस प्रगति का खुलासा नहीं किया।

क्यों अहम है हॉरमुज़ स्ट्रेट?
हॉरमुज़ जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक है, जहां से वैश्विक तेल आपूर्ति का बड़ा हिस्सा गुजरता है। ऐसे में यहां किसी भी तरह का तनाव सीधे वैश्विक अर्थव्यवस्था और तेल बाजार को प्रभावित करता है।

समीकरण से चेतावनी लेकिन संकट असली
ईरान का यह ‘मैथमैटिकल मैसेज’ भले ही अनोखा हो लेकिन इसके पीछे छिपा संकेत बेहद गंभीर है। अगर हॉरमुज़ पर टकराव बढ़ता है, तो इसका असर सिर्फ अमेरिका या ईरान तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि पूरी दुनिया को महंगे तेल और आर्थिक दबाव का सामना करना पड़ सकता है।

Hot this week

Topics

Related Articles

Popular Categories