The Red Ink: वेतन, बोनस और छुट्टियों को लेकर सड़क पर उतरे कर्मचारी- प्रशासन ने संभाली कमान, पुलिस ने अफवाहों से बचने की अपील की…
नोएडा: औद्योगिक इलाकों में तनावपूर्ण माहौल
नोएडा में विभिन्न कंपनियों के कर्मचारियों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा है। वेतन वृद्धि, छुट्टियों और बोनस जैसी मांगों को लेकर शुरू हुआ प्रदर्शन देखते ही देखते उग्र रूप लेता नजर आया। स्थिति को काबू में रखने के लिए पुलिस को मौके पर तैनात किया गया है और भीड़ को नियंत्रित करने के प्रयास जारी हैं।
हालात संभालने के लिए DM का बड़ा कदम
बढ़ते तनाव के बीच गौतमबुद्ध नगर की जिलाधिकारी मेधा रूपम ने तुरंत एक्शन लेते हुए मजदूरों के लिए कंट्रोल रूम स्थापित कराया है। साथ ही, श्रमिकों की शिकायतों को दर्ज करने और उनका समाधान सुनिश्चित करने के लिए कई हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि हर शिकायत का त्वरित निस्तारण किया जाएगा।
ये हैं हेल्पलाइन नंबर-
श्रमिक अपनी समस्याएं निम्नलिखित नंबरों पर दर्ज करा सकते हैं-
120-2978231
120-2978232
120-2978862
120-2978702
डीएम मेधा रूपम ने भरोसा दिलाया है कि मजदूरों की हर समस्या को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाएगा और समाधान किया जाएगा।
दिल्ली-नोएडा मार्ग भी प्रभावित
प्रदर्शन के चलते दिल्ली से नोएडा आने-जाने वाले प्रमुख मार्गों पर असर पड़ा है। हालात को देखते हुए कुछ रास्तों को बंद भी किया गया है, जिससे आवाजाही प्रभावित हो रही है।
पुलिस का अलर्ट: अफवाहों से रहें दूर
नोएडा पुलिस ने साफ किया है कि कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के औद्योगिक क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। श्रमिकों को शांत रहने और संयम बनाए रखने की अपील की जा रही है। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि जरूरत पड़ने पर न्यूनतम बल प्रयोग कर कानून-व्यवस्था बनाए रखी जाएगी। साथ ही लोगों से किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।




