दिल्ली बॉर्डर से लश्कर आतंकी शब्बीर अहमद लोन गिरफ्तार, ISI के इशारे पर नया मॉड्यूल खड़ा कर रहा था

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली की सुरक्षा एजेंसियों को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े आतंकी शब्बीर अहमद लोन को दिल्ली बॉर्डर से गिरफ्तार किया गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह बांग्लादेश में बैठकर आईएसआई के इशारे पर भारत के खिलाफ एक नया आतंकी मॉड्यूल तैयार कर रहा था।

दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने गुप्त सूचना के आधार पर जाल बिछाया और उसे राजधानी की सीमा पर दबोच लिया। जांच एजेंसियों के मुताबिक, शब्बीर अहमद लोन सीमा पार से मिल रहे निर्देशों के अनुसार भारत विरोधी गतिविधियों को अंजाम देने के मिशन पर काम कर रहा था।

भारत विरोधी नेटवर्क खड़ा करने की साजिश
जांच में यह भी सामने आया है कि हाल के दिनों में दिल्ली और दक्षिण भारत में जिस लश्कर मॉड्यूल का भंडाफोड़ हुआ था, उससे इसके तार जुड़े हो सकते हैं। इसी नेटवर्क के जरिए दिल्ली और कोलकाता समेत कई शहरों में भारत विरोधी पोस्टर लगाए गए थे। एजेंसियां अब इस पूरे मॉड्यूल की परतें खोलने में जुटी हैं।

पुराने रिकॉर्ड ने बढ़ाई चिंता
शब्बीर अहमद लोन कोई नया नाम नहीं है। उसे साल 2007 में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने AK-47 और ग्रेनेड जैसे हथियारों के साथ गिरफ्तार किया था। उस समय उसके संबंध सीधे आतंकी सरगना हाफिज़ सईद से जुड़े पाए गए थे। वह 2018 तक तिहाड़ जेल में बंद रहा। जेल से रिहा होने के बाद उसने फिर से आतंकी गतिविधियों में सक्रियता दिखाई और बांग्लादेश को अपना नया ऑपरेशन बेस बना लिया, जहां से वह भारत विरोधी नेटवर्क को दोबारा खड़ा करने में जुटा था।

जांच एजेंसियां अलर्ट, नेटवर्क की तलाश जारी
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां उससे लगातार पूछताछ कर रही हैं। कोशिश यह है कि दिल्ली-एनसीआर और देश के अन्य हिस्सों में सक्रिय उसके संभावित साथियों और स्लीपर सेल का पता लगाया जा सके।
सुरक्षा एजेंसियों के लिए यह गिरफ्तारी इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि यह ऐसे समय में हुई है जब सीमा पार से संचालित आतंकी मॉड्यूल एक बार फिर सक्रिय होने की कोशिश कर रहे हैं।

Hot this week

Topics

Related Articles

Popular Categories