The Red Ink:
इंस्टाग्राम स्टोरी पर रोहित ने की पूर्व फील्डिंग कोच की तारीफ…
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व फील्डिंग कोच टी दिलीप का पांच साल का कार्यकाल पूरा होने पर रोहित शर्मा ने सोशल मीडिया के जरिए उन्हें खास संदेश दिया है। रोहित ने टी दिलीप के साथ अपनी एक तस्वीर साझा करते हुए उन्हें ‘लीजेंड’ बताया और टीम के लिए पर्दे के पीछे की गई उनकी मेहनत की सराहना की।
रोहित शर्मा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा, “आप लीजेंड हैं, दिलीप गुरु। आपने टीम के अंदर जादू रचा और पर्दे के पीछे एक सच्चे वर्कहॉर्स रहे। आगे के लिए शुभकामनाएं।”
रोहित के इस संदेश को टी दिलीप के भारतीय टीम के साथ लंबे सफर और उनके योगदान के प्रति सम्मान के रूप में देखा जा रहा है। फील्डिंग कोच के तौर पर उन्होंने खिलाड़ियों की फील्डिंग क्षमता को बेहतर बनाने के साथ टीम के भीतर सकारात्मक माहौल बनाने में भी अहम भूमिका निभाई।
राहुल द्रविड़ के कार्यकाल में टीम से जुड़े थे टी दिलीप टी
दिलीप नवंबर 2021 में तत्कालीन मुख्य कोच राहुल द्रविड़ के कार्यकाल के दौरान भारतीय टीम के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा बने थे। इसके बाद 2024 में गौतम गंभीर के मुख्य कोच बनने के बाद भी उन्हें एक साल का विस्तार दिया गया था।
करीब पांच साल तक भारतीय टीम के साथ जुड़े रहने के दौरान टी दिलीप ने खिलाड़ियों के साथ मजबूत तालमेल बनाया। टीम की फील्डिंग तैयारियों और मैदान पर बेहतर प्रदर्शन में उनकी भूमिका को अहम माना जाता रहा।
अब उनका कार्यकाल समाप्त होने के बाद रोहित शर्मा का यह संदेश सामने आया है, जिसमें उन्होंने टी दिलीप को टीम के लिए पर्दे के पीछे लगातार मेहनत करने वाला ‘वर्कहॉर्स’ बताया। रोहित की पोस्ट से साफ है कि टी दिलीप ने अपने कार्यकाल के दौरान खिलाड़ियों और टीम मैनेजमेंट के बीच खास पहचान बनाई।




