जॉर्डन में अमेरिकी ठिकानों पर ईरानी मिसाइलें, ट्रंप की कड़ी चेतावनी- ‘करारा जवाब मिलेगा’

The Red Ink

जॉर्डन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर ईरानी मिसाइल हमले के बाद पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ गया है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया कि उसने जॉर्डन स्थित मुवाफ्फक अल-सलती एयर बेस और अमेरिकी सेंट्रल कमांड से जुड़े ठिकानों को निशाना बनाकर बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। इस हमले के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि उसे इस कार्रवाई का मजबूत जवाब दिया जाएगा।

ट्रंप बोले- ‘उन्हें उनकी औकात दिखा देंगे’

फॉक्स न्यूज के मुख्य संवाददाता ट्रे यिंग्स्ट से बातचीत में ट्रंप ने ईरान के खिलाफ बेहद आक्रामक भाषा का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि अमेरिका ईरानी हमले का जवाब देगा और कार्रवाई बेहद सख्त होगी। ट्रंप ने कहा, “हम उन पर बहुत जोरदार हमला करेंगे। उन्हें करारा जवाब मिलेगा।” उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिकी सेना ईरानी हमले का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।

मिसाइल रोकने के लिए अमेरिकी सैनिकों के पास थे कुछ मिनट

ट्रंप के मुताबिक, जॉर्डन में तैनात अमेरिकी सैन्यकर्मियों के पास ईरान की ओर से दागी गई बैलिस्टिक मिसाइलों को पहचानने और उन्हें नष्ट करने के लिए बेहद कम समय था। उन्होंने बताया कि उन्होंने उस ऑपरेशन का वीडियो भी देखा है, जिसमें अमेरिकी सैनिक मिसाइलों को रोकने के दौरान रियल टाइम में एक-दूसरे के साथ समन्वय कर रहे थे।

अमेरिकी सेंट्रल कमान का दावा- सभी मिसाइलें रोकी गईं

अमेरिकी सेंट्रल कमान ने कहा कि ईरान की ओर से दागी गई सभी मिसाइलों को सफलतापूर्वक इंटरसेप्ट कर लिया गया। वहीं जॉर्डन की सेना ने दावा किया कि उसने पांच मिसाइलों को हवा में ही नष्ट कर दिया। फिलहाल हमले में किसी के हताहत होने या किसी बड़े नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है।

जॉर्डन पर हमले से बढ़ी क्षेत्रीय तनाव की आशंका

जॉर्डन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाए जाने के बाद अमेरिका और ईरान के बीच टकराव और तेज होने की आशंका बढ़ गई है। ट्रंप की सख्त चेतावनी के बाद अब नजर इस बात पर है कि अमेरिका आगे कोई सैन्य कार्रवाई करता है या तनाव कम करने के लिए कूटनीतिक रास्ता अपनाया जाता है।

Hot this week

Topics

Related Articles

Popular Categories