सपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र चौधरी की तबीयत बिगड़ी, कार्डियक अरेस्ट के बाद अस्पताल में भर्ती; अखिलेश यादव और ब्रजेश पाठक ने लिया हालचाल

The Red Ink
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री राजेंद्र चौधरी की शुक्रवार को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पार्टी कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान वे मंच की ओर जाते समय अचानक गिर पड़े। प्रारंभिक तौर पर कार्डियक अरेस्ट (हार्ट अटैक) की आशंका जताई गई है। घटना की जानकारी मिलते ही सपा प्रमुख अखिलेश यादव और उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।

पार्टी कार्यक्रम के दौरान अचानक बिगड़ी तबीयत
शुक्रवार को समाजवादी पार्टी कार्यालय में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राम शरण दास की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित किया गया था। सुबह करीब 11:15 बजे राजेंद्र चौधरी मंच की ओर बढ़ रहे थे, तभी अचानक लड़खड़ाकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों और पार्टी नेताओं ने उन्हें तत्काल लखनऊ के सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां इमरजेंसी में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया।

अखिलेश यादव ने डॉक्टरों से ली जानकारी
घटना की सूचना मिलते ही समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सिविल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों से मुलाकात कर राजेंद्र चौधरी की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली। अखिलेश यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि फिलहाल उनकी स्थिति पहले से बेहतर है और डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि विशेषज्ञ डॉक्टर आवश्यक समझेंगे तो उन्हें बेहतर इलाज के लिए किसी अन्य अस्पताल में शिफ्ट किया जाएगा।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी पहुंचे अस्पताल
राजेंद्र चौधरी की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलने पर डिप्टी मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक भी सिविल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि कार्डियक अरेस्ट के बाद उन्हें अस्पताल लाया गया था, लेकिन फिलहाल उनकी हालत स्थिर है। ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रो. भुवन चंद्र तिवारी के नेतृत्व में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। डॉक्टरों की सलाह के अनुसार उन्हें आगे इलाज के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान रेफर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार उनकी चिकित्सा को लेकर पूरी तरह गंभीर है और बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाएगा।

मेडिकल बुलेटिन का इंतजार
फिलहाल अस्पताल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है। डॉक्टर लगातार उनकी स्वास्थ्य स्थिति की निगरानी कर रहे हैं और विस्तृत मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। राजेंद्र चौधरी के अस्पताल में भर्ती होने की खबर के बाद सिविल अस्पताल में समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं की भीड़ जुट गई। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।

Hot this week

‘अब लखनऊ आने के लिए अनुमति नहीं मांगेंगे’, शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद का प्रशासन पर सीधा हमला

The Red Ink: ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने...

Topics

‘अब लखनऊ आने के लिए अनुमति नहीं मांगेंगे’, शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद का प्रशासन पर सीधा हमला

The Red Ink: ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने...

Related Articles

Popular Categories