दोस्ती का खौफनाक अंत! बर्थडे पार्टी के बहाने बुलाया, शराब पिलाई और चाकुओं से गोदकर युवक की हत्या

The Red Ink
गाजियाबाद से दोस्ती को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां जन्मदिन की पार्टी के बहाने बुलाए गए एक युवक की उसके ही दोस्तों ने कथित तौर पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वारदात अचानक नहीं हुई, बल्कि इसके पीछे पुरानी रंजिश और सुनियोजित साजिश का शक जताया जा रहा है। पुलिस ने मामले में आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

बर्थडे पार्टी बना मौत का जाल
घटना क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र के न्यू शांति नगर इलाके की है। मृतक की पहचान मोहित शर्मा के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि मोहित को उसके दोस्तों ने जन्मदिन मनाने के बहाने अपने घर बुलाया, जहां पहले उसे शराब पिलाई गई और फिर चाकुओं से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। घायल अवस्था में मोहित को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पहले से रची जा रही थी साजिश?
मृतक के भाई का दावा है कि कुछ समय पहले मोहित का दोस्तों के साथ विवाद हुआ था, जिसे बाद में समझौते के जरिए खत्म कर दिया गया था। हालांकि, दूसरा पक्ष इस विवाद की रंजिश मन में रखे हुए था। परिजनों के मुताबिक, आरोपियों ने काफी समय पहले से मोहित की हत्या की योजना बना रखी थी। पहले उसे खाटू श्याम और फिर हरिद्वार की यात्रा पर ले जाया गया। इसके कुछ दिन बाद जन्मदिन की पार्टी के नाम पर बुलाकर वारदात को अंजाम दिया गया।

परिवार का आरोप— छह दोस्तों ने मिलकर किया हमला
मृतक के भाई ने आरोप लगाया है कि छह लोगों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। उनका कहना है कि मोहित के शरीर, खासकर सीने पर चाकुओं के कई गहरे घाव मिले हैं। परिवार का आरोप है कि कुछ लोगों ने मोहित को पकड़ रखा था, जबकि अन्य ने उस पर लगातार चाकुओं से हमला किया।

पुलिस ने आरोपियों को लिया हिरासत में
वेव सिटी की एसीपी प्रियाश्री पाल के अनुसार, पुलिस कंट्रोल रूम को तड़के करीब 3:30 बजे सूचना मिली थी कि न्यू शांति नगर में एक युवक पर चाकू से हमला किया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक और उसके दोस्तों के बीच पहले भी विवाद हो चुका था। घटना वाली रात पार्टी के दौरान नशे की हालत में फिर कहासुनी हुई, जिसके बाद चाकू से हमला कर दिया गया।

हत्या का केस दर्ज, जांच जारी
पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सभी संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Hot this week

‘अब लखनऊ आने के लिए अनुमति नहीं मांगेंगे’, शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद का प्रशासन पर सीधा हमला

The Red Ink: ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने...

Topics

‘अब लखनऊ आने के लिए अनुमति नहीं मांगेंगे’, शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद का प्रशासन पर सीधा हमला

The Red Ink: ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने...

Related Articles

Popular Categories