The Red Ink
उत्तर प्रदेश में मानसून की दस्तक के बाद मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। बुधवार सुबह से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हुई, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। प्रयागराज, बरेली, मुरादाबाद, ललितपुर समेत करीब 25 शहरों में बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए प्रदेश के 55 जिलों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है।
कई जिलों में तेज बारिश, कहीं जलभराव तो कहीं खेत डूबे
मानसून सक्रिय होने के बाद प्रदेश के कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई। बिजनौर में तेज बारिश के बाद सड़कों पर करीब 3 फीट तक पानी भर गया, जिससे लोगों को पानी के बीच से गुजरना पड़ा। ललितपुर में बारिश का असर रेलवे स्टेशन तक पहुंच गया। भारी बारिश के कारण स्टेशन के वेटिंग हॉल और जीआरपी थाने में पानी भर गया। वहीं बदायूं में लगातार बारिश से कई खेत जलमग्न हो गए। फतेहपुर में तेज हवा और बारिश के दौरान ई-रिक्शा पलटने की घटना भी सामने आई।
मानसून ने 19 दिन की देरी के बाद यूपी में दी दस्तक
मौसम विभाग के मुताबिक इस बार मानसून करीब 10 दिन की देरी से उत्तर प्रदेश पहुंचा है। आमतौर पर मानसून 20 जून तक प्रदेश में प्रवेश कर जाता है, लेकिन इस बार यह लंबे समय तक यूपी-बिहार सीमा के आसपास रुका रहा। मंगलवार को सोनभद्र और महराजगंज के रास्ते मानसून ने यूपी में एंट्री की थी। इसके बाद पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई।
अगले 2-3 दिनों में पूरे प्रदेश में बारिश के आसार
लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक मो. दानिश ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ चुका है। उन्होंने कहा कि मानसून आजमगढ़, अयोध्या और बरेली क्षेत्र से होकर गुजर रहा है। अगले 2 से 3 दिनों में इसके पूरे प्रदेश में सक्रिय होने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी और पश्चिमी यूपी में आने वाले दिनों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। बारिश के चलते तापमान में करीब 10 डिग्री तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।
मुरादाबाद में आकाशीय बिजली गिरने से दो मजदूरों की मौत
मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। धान की रोपाई कर रहे मजदूरों के पास पेड़ के नीचे आकाशीय बिजली गिर गई। घटना में संतराम सैनी और विनीता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक बारिश शुरू होने के बाद मजदूर बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े हो गए थे। इसी दौरान बिजली गिरने से यह हादसा हुआ। घायल बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लखनऊ, आगरा और वाराणसी में बदला मौसम
राजधानी लखनऊ में शाम के समय काले बादल छाए और बारिश शुरू हो गई। बारिश के बाद लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। आगरा में सुबह से बादल छाए रहे और कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हुई। ठंडी हवाओं के कारण मौसम सुहाना हो गया। वाराणसी में भी मानसून के असर से हल्की बारिश हुई। इसके बाद आसमान में बादल छाए रहे। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक हल्की बारिश की संभावना जताई है।
प्रयागराज, प्रतापगढ़ और उन्नाव में भी बारिश
प्रयागराज के ग्रामीण इलाकों में तेज बारिश दर्ज की गई। प्रतापगढ़ में झमाझम बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई और लोगों को राहत मिली। उन्नाव में बुधवार सुबह तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई। वहीं अमेठी में भी सुबह मौसम बदला और कई इलाकों में तेज बारिश हुई।
सहारनपुर में तापमान में बड़ी गिरावट
सहारनपुर में पिछले कई दिनों से जारी गर्मी के बाद बुधवार को मौसम बदल गया। सुबह से बूंदाबांदी के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। जहां पहले अधिकतम तापमान 42 डिग्री तक पहुंच गया था, वहीं बारिश के बाद तापमान करीब 32 डिग्री तक आने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग ने लोगों को तेज बारिश, आंधी और आकाशीय बिजली को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है। मानसून के पूरी तरह सक्रिय होने के बाद प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश और जलभराव की स्थिति बन सकती है।




