The Red Ink
आईपीएल 2026 का 32वां मुकाबला आज लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां लखनऊ सुपर जायंट्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच हाई-वोल्टेज टक्कर देखने को मिलेगी। शाम 7:30 बजे शुरू होने वाला यह मैच दोनों टीमों के लिए पॉइंट्स टेबल में मजबूती का मौका है।
वैभव का तूफान बनाम लखनऊ की प्लानिंग
राजस्थान के 15 साल के ओपनर वैभव सूर्यवंशी इस सीजन में गेंदबाजों पर कहर बनकर टूटे हैं। 6 मैचों में 246 रन और 236.53 की खतरनाक स्ट्राइक रेट के साथ वह लगातार छक्कों की बारिश कर रहे हैं। 20 सिक्स के साथ वह दूसरे नंबर पर हैं और आज अगर बल्ला चला, तो टॉप पर पहुंचना तय माना जा रहा है।
राजस्थान का पलड़ा भारी, लेकिन…
दोनों टीमों के बीच अब तक 6 मुकाबले हुए हैं, जिनमें 4 बार राजस्थान ने बाजी मारी है। लखनऊ को सिर्फ 2 जीत मिली हैं। हालांकि पिछले सीजन में आखिरी मुकाबला LSG ने जीता था, जिससे उन्हें आत्मविश्वास जरूर मिलेगा।
LSG की ताकत—मिडिल ऑर्डर और विकेट टेकर्स
लखनऊ के लिए ऐडन मार्करम ने 162 रन बनाकर मिडिल ऑर्डर को संभाला है। वहीं गेंदबाजी में प्रिंस यादव 12 विकेट लेकर टीम के सबसे बड़े ट्रंप कार्ड बनकर उभरे हैं।
इकाना की पिच और मौसम का खेल
इकाना की पिच पर स्पिनर्स को मदद मिलती है, लेकिन हाल के मैचों में बल्लेबाजों ने भी अच्छे रन बनाए हैं। औसत स्कोर 160 के आसपास रहता है। मौसम गर्म रहेगा, लेकिन साफ रहेगा। दूसरी पारी में हल्की ओस मैच का रुख बदल सकती है, जिससे टॉस अहम हो जाएगा।
संभावित प्लेइंग 12-
LSG- मिचेल मार्श, आयुष बडोनी, ऋषभ पंत (कप्तान/विकेटकीपर), ऐडन मार्करम, निकोलस पूरन, मोहम्मद शमी, आवेश खान, प्रिंस यादव, एम सिद्धार्थ, मोहनिस खान, हिम्मत सिंह।
RR- यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), शिमरोन हेटमायर, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, रवि बिश्नोई, नांद्रे बर्गर, ब्रिजेश शर्मा, यश पुंजा।
कुल मिलाकर
आज का मुकाबला सिर्फ जीत-हार का नहीं, बल्कि पावर-हिटिंग बनाम रणनीति की जंग है। अगर वैभव चला, तो मैच एकतरफा भी हो सकता है लेकिन लखनऊ अपने घर में इतनी आसानी से हार मानने वाली नहीं है।




